रायगढ़ पुलिस की ओर से साइबर अपराधों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए चलाए गए साइबर जागृति अभियान के तहत लघु फिल्म प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में 11 राज्यों के 35 जिलों से 162 फिल्म प्रविष्टियां मिलीं। रूस से भी एक फिल्म प्रतियोगिता में शामिल हुई। प्रतियोगिता की दो श्रेणियों में ‘दूसर छोर’ और ‘एक्सेस लिंक’ ने पहला स्थान हासिल किया।
प्रतियोगिता का समापन और सम्मान समारोह रायगढ़ के ऑडिटोरियम में हुआ। कार्यक्रम में विजेताओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। इस दौरान रायगढ़ पुलिस की ओर से साइबर जागरूकता पर तैयार की गई शॉर्ट फिल्म ‘The Cyber Trap’ की स्क्रीनिंग भी की गई। यह फिल्म प्रतियोगिता का हिस्सा नहीं थी, बल्कि आम लोगों को साइबर अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक करने के लिए अलग से तैयार की गई थी।
‘दूसर छोर’ और ‘एक्सेस लिंक’ ने जीता पहला पुरस्कार
प्रतियोगिता की श्रेणी ‘अ’ में 3 से 6 मिनट की फिल्मों को शामिल किया गया। इसमें स्वपनिल कोटरीवार की फिल्म ‘दूसर छोर’ ने प्रथम, होमेन्द्र कुमार की ‘जरूरत’ ने द्वितीय और प्रकाश पटेल की ‘गुपचुप ठेला’ ने तृतीय स्थान हासिल किया।
श्रेणी ‘ब’ में 1 से 3 मिनट की फिल्मों को शामिल किया गया। इसमें दीपक जायसवाल की ‘एक्सेस लिंक’ प्रथम, तुषार सोलंकी की ‘Dial 1930’ द्वितीय और समीर चन्द्रा की ‘Golden Hour’ तृतीय रही।
दोनों श्रेणियों में 5.25 लाख रुपए की पुरस्कार राशि
श्रेणी ‘अ’ में प्रथम विजेता को 1 लाख, द्वितीय को 75 हजार और तृतीय विजेता को 50 हजार रुपए दिए गए। श्रेणी ‘ब’ में प्रथम विजेता को 75 हजार, द्वितीय को 50 हजार और तृतीय को 25 हजार रुपए की पुरस्कार राशि दी गई। दोनों श्रेणियों के विजेताओं को कुल 5.25 लाख रुपए पुरस्कार के रूप में दिए गए।
ओपी चौधरी बोले- जागरूकता और सतर्कता ही डिजिटल सुरक्षा की नींव
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने कहा कि प्रदेश में चलाए जा रहे ‘सेवा संकल्प अभियान’ की 25 सेवा गतिविधियों में साइबर जागरूकता को भी महत्वपूर्ण स्थान दिया गया है। तकनीक के बढ़ते इस्तेमाल के साथ साइबर अपराध की चुनौती भी बढ़ रही है। ऐसे में जागरूकता और सतर्कता डिजिटल सुरक्षा की मजबूत आधारशिला है।
उन्होंने कहा कि युवाओं को रोचक और रचनात्मक माध्यमों से साइबर अपराध से बचाव की जानकारी देने की रायगढ़ पुलिस की पहल सराहनीय है।













