कोंडागांव के फरसगांव थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे-30 स्थित रांधना मोड़ पर सड़क हादसे का CCTV फुटेज सामने आया है। फुटेज में तेज रफ्तार बाइक सवार दो युवक सामने से गुजर रहे ट्रक से टकराते दिखाई दे रहे हैं। टक्कर के बाद दोनों युवक सड़क पर गिरकर घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, दोनों युवक बाइक से फरसगांव की ओर जा रहे थे। रांधना मोड़ के पास बाइक की ट्रक से टक्कर हो गई। CCTV फुटेज में बाइक की रफ्तार तेज दिखाई दे रही है। टक्कर के बाद दोनों युवक सड़क पर गिर गए।हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने दोनों को बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। फिलहाल दोनों की स्थिति की जानकारी सामने नहीं आई है।
ट्रक चालक मौके से फरार
हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस CCTV फुटेज के आधार पर ट्रक और उसके चालक की पहचान करने में जुटी है।
बड़ा हादसा टला
हादसे के समय सड़क पर कोई अन्य वाहन या राहगीर बाइक की चपेट में नहीं आया। इससे बड़ा हादसा टल गया। पुलिस ने वाहन चालकों से हाईवे और मोड़ पर गति नियंत्रित रखने की अपील की है।

















