तेलंगाना के हैदराबाद में मानसून बीतने के महज 17 दिन बाद ही गर्मियों जैसा जलसंकट खड़ा हो गया है। शहर में आमतौर पर मार्च से पानी के टैंकरों की मांग बढ़ती थी, लेकिन इस बार अक्टूबर में ही रोजाना 8 हजार टैंकर बुक हो रहे हैं।
जल बोर्ड के मुताबिक, अक्टूबर में अब तक 62,565 टैंकर बुक हुए, जबकि पिछले साल इसी दौरान 18,806 बुकिंग हुई थीं। यानी मांग 233% बढ़ गई है। बोडुप्पल इलाके में बीते साल की तुलना में 22 गुना टैंकरों की मांग बढ़ी है। यह संकट इसलिए भी असामान्य है, क्योंकि गर्मियों का मौसम अभी 5 महीने दूर है।
पानी की कमी के चलते अब तेलंगाना की बासर यूनिवर्सिटी में सोमवार से क्लासेज ऑनलाइन होंगी। यहां रोज 25 लाख लीटर पानी की जरूरत है, लेकिन 10 लाख लीटर ही मिल रहा है।

















