अंडर-19 एशिया कप में भारत और पाकिस्तान की टीमें रविवार को आमने-सामने होंगी। मुकाबला ओमान के अल अमीरात क्रिकेट ग्राउंड पर सुबह 10:30 बजे से खेला जाएगा। टॉस सुबह 10 बजे होगा।
दोनों टीमों ने टूर्नामेंट में जीत के साथ शुरुआत की है। भारत ने पहले मैच में नेपाल को 10 विकेट से हराया था, जबकि पाकिस्तान ने UAE को 9 विकेट से मात दी थी।
भारत की ओर से पूर्व क्रिकेटर वीरेंद्र सहवाग के बेटे आर्यवीर पर नजरें रहेंगी। उन्होंने नेपाल के खिलाफ 52 गेंदों पर नाबाद 70 रन बनाए थे। वहीं, पाकिस्तान के उस्मान खान ने UAE के खिलाफ 120 गेंदों पर नाबाद 139 रन की पारी खेली थी। दोनों बल्लेबाज अपनी टीमों के लिए पहले मैच में टॉप स्कोरर रहे।













