जशपुर जिले में सड़क हादसे में जान गंवाने वाले आरक्षक अनिल केरकेट्टा के परिवार को 1 करोड़ रुपए की बीमा सहायता मिली। एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने उनकी पत्नी शांति केरकेट्टा को चेक सौंपा।
यह राशि छत्तीसगढ़ शासन की पुलिस सैलरी पैकेज योजना के तहत भारतीय स्टेट बैंक के जरिए दी गई। अनिल केरकेट्टा जशपुर जिले के पत्थलगांव थाने में पदस्थ थे।
24 अप्रैल 2026 को लोरों घाट में सड़क हादसे में उनकी मौत हो गई थी। उन्होंने 17 अप्रैल 2007 से जशपुर जिले के पुलिस विभाग में सेवा शुरू की थी।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय जशपुर में चेक सौंपने का कार्यक्रम हुआ। इस दौरान उप पुलिस अधीक्षक मुख्यालय आशा तिर्की, भारतीय स्टेट बैंक के क्षेत्रीय उप महाप्रबंधक आलोक रंजन, एसबीआई जशपुर के मुख्य प्रबंधक समीर कुमार और अग्रणी जिला प्रबंधक राकेश तिवारी मौजूद थे। अनिल के परिवार के सदस्य भी कार्यक्रम में शामिल हुए।
पुलिस और बैंक अधिकारियों ने परिवार के प्रति संवेदना जताई। उन्होंने सहायता राशि के सुरक्षित और योजनाबद्ध इस्तेमाल के बारे में मार्गदर्शन दिया। परिवार को फंड मैनेजमेंट की जानकारी भी दी गई।
पुलिस सैलरी पैकेज से परिवार को मिलेगी आर्थिक सुरक्षा
डॉ. लाल उमेद सिंह ने कहा कि पुलिस सैलरी पैकेज योजना पुलिसकर्मियों और उनके परिवारों को आर्थिक सुरक्षा देती है। ड्यूटी के दौरान पुलिसकर्मियों को कई बार जोखिम भरी परिस्थितियों का सामना करना पड़ता है।
ऐसे में किसी अनहोनी की स्थिति में यह योजना उनके परिवार की मदद करती है। इसके तहत ड्यूटी के दौरान या दुर्घटना में मौत होने पर परिवार को एक करोड़ रुपए तक का बीमा कवर और सामान्य मौत होने पर 10 लाख रुपए की सहायता दी जाती है।
उन्होंने जिले के सभी पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों से अपील की कि वे अपना वेतन खाता एसबीआई के पुलिस सैलरी पैकेज में रजिस्टर्ड कराएं।
साथ ही खाते में नॉमिनी और दूसरी जरूरी जानकारियां अपडेट रखें, ताकि जरूरत पड़ने पर परिवार को योजना का लाभ लेने में परेशानी न हो। उन्होंने कहा कि यह योजना पुलिसकर्मियों के परिवारों की आर्थिक सुरक्षा के लिए महत्वपूर्ण है।

















