
तमिलनाडु में अहंकार नहीं चलेगा, अमित शाह पर बरसे सीएम एमके स्टालिन
सीएम एमके स्टालिन ने अमित शाह और बीजेपी पर तीखा हमला करते हुए कहा कि तमिलनाडु में संघ और बीजेपी का अहंकार नहीं चलेगा। डीएमके युवा इकाई की बैठक में दिया कड़ा संदेश।
यह तमिलनाडु है, अहंकार नहीं चलेगा – अमित शाह पर बरसे सीएम एमके स्टालिन
चेन्नई। तमिलनाडु के मुख्यमंत्री और डीएमके प्रमुख एमके स्टालिन ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और भारतीय जनता पार्टी पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि अमित शाह ने हाल ही में बयान दिया था कि बिहार में जीत के बाद तमिलनाडु बीजेपी का अगला लक्ष्य है, लेकिन यह बीजेपी की गलतफहमी है।
सीएम स्टालिन ने दो टूक शब्दों में कहा,
“सिर्फ़ आप (अमित शाह) ही नहीं, अगर आप पूरी संघी बटालियन यानी आरएसएस के लोगों को भी ले आएं, तब भी आप तमिलनाडु में कुछ नहीं कर सकते। यह तमिलनाडु है, आप हमारे स्वभाव को नहीं समझते।”
मुख्यमंत्री डीएमके की युवा इकाई (नॉर्थ ज़ोन) के पदाधिकारियों की बैठक को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि 2024 में केंद्र में बीजेपी के तीसरी बार सत्ता में आने के बाद दक्षिणपंथी संगठन आक्रामक रूप से काम कर रहे हैं। ऐसे में डीएमके को अपने सिद्धांतों और सामाजिक न्याय के विचारों को और मजबूती से जनता तक पहुंचाना होगा।
“स्नेह से आएंगे तो स्वागत, अहंकार से आएंगे तो विरोध”
एमके स्टालिन ने कहा कि तमिलनाडु अहंकार की राजनीति को स्वीकार नहीं करता।
उन्होंने कहा,
“अगर आप स्नेह से आएंगे तो हम आपका स्वागत करेंगे, लेकिन अगर अहंकार से आएंगे तो हम आपका विरोध करेंगे और आपको परास्त करेंगे।”
उदयनिधि स्टालिन को बताया ‘सबसे खतरनाक’ नेता
मुख्यमंत्री ने अपने बेटे और कैबिनेट मंत्री उदयनिधि स्टालिन की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि उदयनिधि ने पार्टी की ज़रूरतों को सही ढंग से समझा है और स्पष्टता व दृढ़ता के साथ काम कर रहे हैं।
स्टालिन ने कहा कि यही वजह है कि वैचारिक विरोधी भी उदयनिधि स्टालिन को “सबसे खतरनाक” नेता मानते हैं।











