
छत्तीसगढ़ को कांग्रेस पार्टी का एटीएम बनाना, भूपेश बघेल की उपलब्धि : सांसद विजय बघेल
दुर्ग । पाटन और अहिवारा विधानसभा क्षेत्र में व्याप्त असीमित जनसमस्याओं और प्रदेश कांग्रेस सरकार के कुशासन व भ्रष्ट नीतियों के विरुद्ध भारतीय जनता पार्टी जिला दुर्ग और भिलाई के संयुक्त तत्वावधान में पाटन के क्षेत्रीय विधायक मुख्यमंत्री भूपेश बघेल एवं पीएचई मंत्री रूद्र गुरु के भिलाई 3 में स्थित निवास के घेराव हेतु पाटन एवं अहिवारा विधानसभा क्षेत्र की जनता के साथ भाजपा कार्यकर्ता नगर पालिका निगम मंगल भवन भिलाई 3 के सामने एकत्र हुए।
जहां से दुर्ग लोकसभा सांसद विजय बघेल और भाजपा प्रदेश महामंत्री विजय शर्मा की विशेष उपस्थिति में भाजपा के दुर्ग जिला अध्यक्ष जितेंद्र वर्मा और भिलाई जिला अध्यक्ष बृजेश बिचपुरिया के संयुक्त नेतृत्व और जिला प्रभारी राजीव अग्रवाल एवं विधानसभा प्रभारी सच्चिदानंद उपासने एवं डॉ राम कुमार साहू के मार्गदर्शन में दोपहर 1 बजे घेराव हेतु जनसमूह दो हिस्सों में विभक्त होकर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल एवं पीएचई मंत्री रूद्र गुरु के निवास की ओर पदयात्रा करते हुए निकले। इस दौरान पुलिस ने मुख्यमंत्री एवं पीएचई मंत्री को घेराव से बचाने के लिए पूरी ताकत झोंक दी। सैकड़ों की संख्या में लगे पुलिस जवान भाजपा कार्यकर्ताओं के हौसलों को कम नहीं कर सके। भाजपा कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री एवं पीएचई मंत्री के घर से पूर्व लगे बेरिकेड के पास जमकर प्रदर्शन किया।
घेराव के दौरान दुर्ग लोकसभा के सांसद विजय बघेल ने आक्रामक अंदाज में कहा कि जब से पाटन के विधायक मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने छत्तीसगढ़ की बागडोर संभाली हैं, तब से प्रदेश में अराजकता व्याप्त है, चारों ओर अपराधिक गतिविधियों में वृद्धि, महिलाओं से छेड़छाड़ साथ ही शराबखोरी और नशाखोरी में की वृद्धि हुई है। किशोर, नौजवान, युवा वर्ग आज नशे की गिरफ्त में हैं जहां देखो शराब दुकानों में 25 साल से कम उम्र के युवाओं की भीड़ लगी रहती है और युवाओं की बर्बादी का श्रेय कांग्रेस के मुख्यमंत्री को जाता है, जिन्होंने गंगाजल की कसम खाकर शराबबंदी का वादा किया था। विजय बघेल ने पाटन विधायक भूपेश बघेल को सलाह दी कि प्रधानमंत्री आवास योजना के लिए भी आप कर्ज लेने में संकोच ना करें, जब हमारी सरकार आएगी तो हम उस कर्जा को चुका देंगे, आपने पहले भी बहुत कर्जा लिया है लेकिन आवास योजना के लिए अतिरिक्त कर्ज ले लीजिए पर गरीबों के हक को ना मारे। उन्होंने कहा कि मैं तो स्वयं मुख्यमंत्री का भतीजा हूं इसीलिए तो हमेशा कहता हूं कि ऐसा कोई सगा नहीं जिसे भूपेश ने ठगा नहीं पर अब वो दिन ज्यादा दूर नहीं, इस आततायी सरकार का अंत सुनिश्चित है।
भाजपा प्रदेश महामंत्री विजय शर्मा ने कहा कि भूपेश बघेल प्रमाण मांगते है जबकि कांग्रेस सरकार के वरिष्ठ मंत्री टीएस सिंहदेव ने प्रधानमंत्री आवास योजना रद्द करने को लेकर मुख्यमंत्री को चिट्ठी लिखी है यही सबसे बड़ा प्रमाण है कि गरीबों का आवास कांग्रेस से छीना है। 90 प्रतिशत धान की खरीदी मोदी सरकार कर रही है। भूपेश सरकार द्वारा खाद में कालाबाजारी करके जबरदस्ती गुणवत्ताहीन वर्मी कम्पोस्ट थमाया जा रहा है। भूपेश सरकार ने युवाओं से छल किया है, प्रदेश कांग्रेस सरकार दिसंबर 2018 से आज तक हर युवक के बेरोजगारी भत्ता के लाखों रुपयों की देनदार है। रेडी टू ईट का काम महिलाओं से छीन लिया, एक कंपनी को दे दिया, गंगाजल की शपथ लेकर भी शराबबंदी नहीं की, भूपेश ने महिलाओं को ठगा है। जनता अपने चुने विधायक को देखना मिलना चाहती है लेकिन विधायक बेरिकेड लगवाते है जनता को रोकना चाहते है, लेकिन जनता रुकेगी नहीं, अब आगे 15 मार्च को रायपुर में विधानसभा का घेराव करके जनता पूरी सरकार से सवाल करेगी।









