राहुल गांधी ने IIT बॉम्बे के स्टूडेंट साहिल वाकोडे के माता-पिता रवींद्र और सोनाली से वीडियो कॉल पर बात की। उन्होंने दोनों को मदद का भरोसा दिया। न्यूज एजेंसी PTI के सूत्रों ने गुरुवार को जानकारी दी।
वहीं, मौत से कुछ घंटे पहले साहिल ने फोन पर अपनी करीबी दोस्त से बात की थी। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, उसने थर्मोडायनेमिक्स का पेपर खराब होने की बात कही और कहा था- मुझसे गलती हो गई।
इसके बाद साहिल ने दोस्त के फोन का जवाब नहीं दिया। रिपोर्ट के मुताबिक, इस बातचीत में उसने जाति से जुड़ी किसी घटना या टिप्पणी का जिक्र नहीं किया। हालांकि, साहिल के माता-पिता ने दावा किया था कि उसने उन्हें जातिसूचक गालियां और भेदभाव की बात बताई थी।
22 साल के साहिल ने 18 सितंबर को IIT बॉम्बे के पवई कैंपस स्थित हॉस्टल में सुसाइड कर लिया था। वह एनर्जी साइंस एंड इंजीनियरिंग विभाग में BTech सेकंड ईयर का छात्र था। आरोप है कि परीक्षा के दौरान उसने मोबाइल से ChatGPT का इस्तेमाल किया था। बुधवार को इसका CCTV वीडियो भी सामने आया था।

















