मंत्रालय और विभागाध्यक्ष कार्यालयों में काम करने वाले अधिकारियों-कर्मचारियों को नवा रायपुर आने-जाने के लिए बस सुविधा अगले 6 महीने तक मिलती रहेगी। सामान्य प्रशासन विभाग 1 नवंबर 2026 से 30 अप्रैल 2027 तक बस सेवा की अवधि बढ़ाने का आदेश जारी किया है। इसके लिए प्रति बस पास की मासिक दर 3066 रुपए तय की गई है।
यह सुविधा नई व्यवस्था शुरू होने तक या 6 महीने की अवधि पूरी होने तक, दोनों में से जो पहले होगा, तब तक जारी रहेगी। नगर निगम रायपुर और नवा रायपुर अटल नगर विकास प्राधिकरण के प्रस्ताव और अनुशंसा के बाद शासन ने यह मंजूरी दी है।
शासन ने नवा रायपुर अटल नगर विकास प्राधिकरण (NRDA) को बस संचालन के लिए अनुबंध की अवधि बढ़ाने की अनुमति दी है। यह व्यवस्था निविदा प्रक्रिया पूरी होने और नई परिवहन व्यवस्था शुरू होने तक या 6 महीने तक लागू रहेगी।
खराब बसों की जगह जल्द लगानी होंगी नई बसें
सामान्य प्रशासन विभाग ने बस संचालन को लेकर जरूरी निर्देश भी दिए हैं। सभी बसों का नियमित चेकअप कराना होगा। बस खराब होने पर तत्काल दूसरी बस उपलब्ध करानी होगी और खराब बसों की जगह जल्द नई बसें चलानी होंगी।
चालकों और परिचालकों का नियमित मेडिकल चेकअप कराने के साथ ही उन्हें अधिकारियों-कर्मचारियों के साथ अच्छा व्यवहार करने के निर्देश दिए गए हैं। बसों का संचालन तय समय-सारणी और यातायात नियमों के अनुसार करना होगा।
सत्यापित बिल के आधार पर होगा भुगतान
बस संचालन के लिए भुगतान सत्यापित देयकों के आधार पर किया जाएगा। इसके लिए नवा रायपुर अटल नगर विकास प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को मांग पत्र प्रस्तुत करना होगा। इसके बाद नियमानुसार भुगतान किया जाएगा।














