छत्तीसगढ़ में अगले 2 दिनों में अधिकतम तापमान 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है। वहीं आज प्रदेश में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। एक-दो स्थानों पर गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की चेतावनी जारी की गई है। रायपुर में भी हल्की बूंदाबांदी हो सकती है।
पिछले 24 घंटे के दौरान प्रदेश के कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम और एक-दो जगहों पर भारी बारिश हुई। सबसे ज्यादा 70 मिलीमीटर बारिश जशपुर जिले के मनोरा में दर्ज की गई। कुनकुरी और बलरामपुर जिले के कुसमी में 50 मिलीमीटर बारिश हुई।
मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में सबसे ज्यादा अधिकतम तापमान 31.6 डिग्री सेल्सियस जगदलपुर में दर्ज किया गया। वहीं, सबसे कम न्यूनतम तापमान 19.2 डिग्री सेल्सियस दुर्ग में रहा।

















