
बलरामपुर में जल जीवन मिशन की समीक्षा, कलेक्टर ने दिए गुणवत्ता और तेजी के निर्देश
बलरामपुर जिले में जल जीवन मिशन के तहत नल-जल योजना की प्रगति की कलेक्टर राजेन्द्र कटारा ने समीक्षा की। गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयसीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश।
जल जीवन मिशन की प्रगति की कलेक्टर ने की समीक्षा, कार्यों में तेजी और गुणवत्ता पर दिया विशेष जोर
बलरामपुर, 12 फरवरी 2026।लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के अंतर्गत जिले में संचालित जल जीवन मिशन के तहत हर घर नल-जल आपूर्ति सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कलेक्टर राजेन्द्र कटारा ने संयुक्त जिला कार्यालय के सभाकक्ष में विभागीय अधिकारियों एवं ठेकेकेदारों की समीक्षा बैठक ली।
कलेक्टर राजेन्द्र कटारा ने जिले के विभिन्न ग्राम पंचायतों में संचालित नल-जल योजनाओं की प्रगति, कार्यों की गुणवत्ता, पाइपलाइन विस्तार, स्रोत विकास, जल टंकी निर्माण एवं घरेलू नल कनेक्शन की स्थिति की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने जिन ग्रामों में कार्य अपूर्ण हैं, वहां तेजी लाकर निर्धारित समय-सीमा के भीतर कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने कहा कि जल जीवन मिशन केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी योजना है, जिसका उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छ, सुरक्षित एवं सतत पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करना है। इसके सफल क्रियान्वयन के लिए सभी अधिकारियों एवं एजेंसियों को समन्वय और गंभीरता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करना होगा।
उन्होंने नियमित मॉनिटरिंग, पारदर्शिता और उच्च गुणवत्ता के साथ कार्य पूर्ण करने पर जोर देते हुए कहा कि कार्यों में आ रही समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण किया जाए, ताकि ग्रामीणों को निरंतर जल उपलब्ध कराया जा सके।
कलेक्टर ने लक्ष्य के अनुरूप उपलब्धियों की समीक्षा करते हुए कार्य गति बढ़ाने के निर्देश दिए। साथ ही क्रेडा (CREDA) के अंतर्गत संचालित गतिविधियों की जानकारी लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश भी प्रदान किए।
उन्होंने सभी ठेकेदारों को प्रगतिरत एवं स्वीकृत कार्यों को निर्धारित समयावधि में पूर्ण करने के निर्देश देते हुए स्पष्ट किया कि जल जीवन मिशन के अंतर्गत निर्धारित मापदण्डों का पालन अनिवार्य है। जनहित से जुड़े इस महत्वपूर्ण कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने नियमानुसार कार्य नहीं पाए जाने पर सख्त कार्रवाई के निर्देश भी दिए।
बैठक में लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के अभियंता पंकज जैन, संबंधित अधिकारीगण एवं ठेकेदार उपस्थित रहे।












