
प्रदेश में ठंडी हवाओं का सितम बरकरार…
रायपुर। प्रदेश में मौसम का मिजाज बदल गया है। निम्न स्तर पर उत्तर से आ रही ठंडी हवाओं के कारण एक बार फिर ठंड बढ़ गई है। मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को सरगुजा संभाग में कुछ क्षेत्रों में हल्का कोहरा छाया रहेगा।
इसके साथ ही प्रदेश के बाकी क्षेत्रों में मौसम शुष्क रहेगा। रायपुर में शुक्रवार को न्यूनतम तापमान 13.4 डिग्री सेेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से दो डिग्री सेल्सियस कम है। कृषि विज्ञान केंद्र जशपुर में न्यूनतम तापमान 4.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
ठंडी हवाओं के चलते शहर के आउटर में शाम के बाद और सुबह ठंड काफी बढ़ गई है। दोपहर में भी कुछ लोग स्वेटर और जैकेट में नजर आ रहे हैं।
चार-पांच दिन पहले यह लगने लगा था कि ठंड पूरी तरह चली गई है, लेकिन मौसम में एक बार फिर से बदलाव आया है।
मौसम विज्ञानियों का कहना है कि अभी कुछ दिनों तक मौसम ऐसा ही रहेगा। शुक्रवार को रायपुर का अधिकतम तापमान 31.6 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 13.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विज्ञानी एचपी चंद्रा ने बताया कि न्यूनतम तापमान में गिरावट अपने चरम पर है। इसमें ज्यादा गिरावट के आसार नहीं हैं।