
समाज कल्याण योजनाओं से लाखों जरूरतमंदों को मिला संबल: मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े
छत्तीसगढ़ की समाज कल्याण मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने बताया कि पिछले दो वर्षों में समाज कल्याण विभाग की योजनाओं से दिव्यांगजन, वरिष्ठ नागरिक, विधवाएं और अन्य वंचित वर्गों को व्यापक लाभ मिला है।
रायपुर, 06 जनवरी 2026// समाज कल्याण मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा है कि छत्तीसगढ़ शासन द्वारा समाज के वंचित, कमजोर और जरूरतमंद वर्गों के कल्याण के लिए पिछले दो वर्षों में व्यापक, प्रभावी और जनकल्याणकारी कदम उठाए गए हैं। वे आज राजधानी रायपुर स्थित संवाद के ऑडिटोरियम में आयोजित प्रेस वार्ता में पत्रकारों से चर्चा कर रही थीं।
मंत्री श्रीमती राजवाड़े ने बताया कि समाज कल्याण विभाग द्वारा दिव्यांगजन, वरिष्ठ नागरिक, विधवा एवं परित्यक्त महिलाएं तथा उभयलिंगी व्यक्तियों के सामाजिक पुनर्वास और आर्थिक सशक्तिकरण के लिए विभिन्न योजनाओं का सफलतापूर्वक क्रियान्वयन किया जा रहा है।
उन्होंने जानकारी दी कि सामाजिक सहायता कार्यक्रम के अंतर्गत वर्तमान में 22 लाख से अधिक हितग्राहियों को पेंशन योजनाओं का लाभ दिया जा रहा है, जिसमें से अधिकांश भुगतान डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के माध्यम से किया जा रहा है। इससे पारदर्शिता बढ़ी है और लाभार्थियों को समय पर सहायता मिल रही है।
मंत्री श्रीमती राजवाड़े ने बताया कि दिव्यांगजनों के लिए
- यूडीआईडी कार्ड,
- छात्रवृत्ति योजनाएं,
- कृत्रिम अंग एवं सहायक उपकरण,
- विवाह प्रोत्साहन योजना,
- तथा विशेष शिक्षण संस्थानों
के माध्यम से हजारों दिव्यांगजन लाभान्वित हुए हैं।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के जरिए अब तक लाखों वरिष्ठ नागरिकों, दिव्यांगजनों, विधवाओं और परित्यक्त महिलाओं को निःशुल्क तीर्थ यात्रा कराई गई है, जिससे उनमें आत्मसम्मान और सामाजिक जुड़ाव की भावना मजबूत हुई है।
प्रेस वार्ता में मंत्री श्रीमती राजवाड़े ने बताया कि राज्य सरकार द्वारा नशामुक्ति अभियान, उभयलिंगी व्यक्तियों के सशक्तिकरण, वृद्धाश्रमों का संचालन, मानसिक रूप से बीमार व्यक्तियों का पुनर्वास तथा ‘सियान हेल्पलाईन’ जैसी पहलों के माध्यम से समाज के कमजोर वर्गों को सीधा और प्रभावी लाभ मिल रहा है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार सामाजिक न्याय और समावेशी विकास के संकल्प के साथ कार्य कर रही है। समाज कल्याण विभाग की योजनाएं केवल कागजों तक सीमित नहीं हैं, बल्कि धरातल पर प्रभावी रूप से लागू की जा रही हैं, जिससे लाखों लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है।








