
Electricity Employees Protest: मांगें पूरी नहीं होने पर बिजली कर्मियों का आक्रोश, अम्बिकापुर में ज्ञापन
छत्तीसगढ़ बिजली कर्मचारी संघ महासंघ ने पुरानी पेंशन, वेतन वृद्धि और बिजली बिल छूट बंद होने के विरोध में अम्बिकापुर में चेयरमैन के नाम ज्ञापन सौंपा, आंदोलन की चेतावनी।
बिजली कर्मियों की मांगों पर आदेश नहीं, छूट बंद होने से आक्रोश
छत्तीसगढ़ बिजली कर्मचारी संघ महासंघ ने चेयरमैन के नाम सौंपा ज्ञापन
अम्बिकापुर |छत्तीसगढ़ बिजली कर्मचारी संघ महासंघ ने कर्मचारी हितैषी ज्वलंत मांगों पर लिखित आश्वासन के बावजूद आदेश जारी नहीं किए जाने और बिजली बिल में मिलने वाली 50 प्रतिशत छूट बंद किए जाने के विरोध में विद्युत कंपनी प्रबंधन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। महासंघ द्वारा चेयरमैन विद्युत कंपनी के नाम से अम्बिकापुर क्षेत्रीय मुख्यालय में ज्ञापन सौंपा गया।
महासंघ ने बताया कि 9 अक्टूबर 2025 को विद्युत कंपनी मुख्यालय रायपुर के सामने एकदिवसीय विशाल आमसभा एवं धरना प्रदर्शन किया गया था। इसके बाद 10 से 17 अक्टूबर तक क्रमिक धरना आंदोलन चला। इस दौरान विद्युत प्रबंधन के साथ हुई द्विपक्षीय वार्ता में दो प्रमुख मांगों पर सहमति बनी थी—
प्रमुख मांगें
- 2004 के बाद नियुक्त कर्मचारियों/अधिकारियों के लिए पुरानी पेंशन योजना (OPS) की बहाली
- संविदा कर्मचारियों को सम्मानजनक वेतन वृद्धि
विद्युत प्रबंधन द्वारा इन मांगों पर लिखित आश्वासन भी जारी किया गया था, लेकिन दो माह से अधिक समय बीत जाने के बावजूद अब तक कोई आदेश जारी नहीं किया गया।
बिजली बिल छूट बंद करने पर नाराजगी
महासंघ ने आरोप लगाया कि इसी बीच विद्युत कंपनी प्रबंधन ने पीएम सूर्यघर योजना के तहत कर्मचारियों के आवासीय परिसरों में सोलर रूफटॉप प्लांट अनिवार्य रूप से लगाने का एकतरफा आदेश जारी कर दिया।
साथ ही, सोलर प्लांट स्थापित नहीं करने पर अविभाजित मध्यप्रदेश के समय से मिल रही 50 प्रतिशत बिजली बिल छूट को नियमित एवं सेवानिवृत्त कर्मचारियों/अधिकारियों के लिए बंद कर दिया गया, जिसे महासंघ ने कर्मचारी हितों पर कुठाराघात और वादाखिलाफी बताया।
आंदोलन की चेतावनी
महासंघ ने पहले चरण के तहत 15 अक्टूबर 2025 को सभी क्षेत्रीय मुख्यालयों में ज्ञापन सौंपा है।
यदि 30 दिसंबर 2025 तक सकारात्मक आदेश जारी नहीं किए गए तो—
- 01 से 08 जनवरी 2026 तक वर्क टू रूल
- *11 फरवरी 2026 से अनिश्चितकालीन कामबंद आंदोलन
की चेतावनी दी गई है।
अम्बिकापुर में सौंपा गया ज्ञापन
अम्बिकापुर क्षेत्रीय मुख्यालय में अतिरिक्त मुख्य अभियंता श्री आवेदन कुजूर को ज्ञापन सौंपा गया। इस अवसर पर महासंघ के—
- प्रांतीय पदाधिकारी विमलेंद्र साहू
- क्षेत्रीय अध्यक्ष विनोद कुमार शुक्ला
- क्षेत्रीय सचिव/प्रभारी रायगढ़ क्षेत्र अभिषेक कुमार बोहिदार
सहित राजेंद्र प्रसाद पटेल, संजू कुमार कर, सचिन देव टोप्पो, अजय तिवारी, योगेंद्र राजवाड़े, सूरज दास, सत्यप्रकाश कुजूर, संजीवन बरवा, धनुकधारी मिंज, शालू बिसवाल, विरेंद्र साहू, चंद्रकांत जयसवाल एवं बड़ी संख्या में महासंघ के कार्यकर्ता उपस्थित रहे।








