
मोदी 2024 में पीएम बनें इसके लिए यूपी में योगी का सीएम बनना ज़रूरी- अमित शाह
मोदी 2024 में पीएम बनें इसके लिए यूपी में योगी का सीएम बनना ज़रूरी- अमित शाह
भारत सरकार की केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा है कि अगर नरेंद्र मोदी को साल 2024 में एक बार फिर प्रधानमंत्री के तौर पर शपथ ग्रहण करना है तो 2022 में योगी आदित्यनाथ को उत्तर प्रदेश का मुख्यमंत्री बनाना होगा.
इसके साथ ही अमित शाह ने आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनावों में बीजेपी का सीएम चेहरे को लेकर चल रहे कयासों पर लगाम लगी दी है.
उन्होंने कहा, “जब प्रधानमंत्री के पद पर मोदी जी हैं तो वो उत्तर प्रदेश की ज़रूरतों को पूरा करते हैं. अगर मोदी जी के नेतृत्व में 2024 का लोकसभा चुनाव जीतना है तो उसकी नींव 2022 के विधानसभा चुनावों से पड़ेगी.”
“मोदी जी को 2024 में प्रधानमंत्री बनना है और उसके लिए 2022 में योगी आदित्यनाथ को 2022 में उत्तर प्रदेश का मुख्यमंत्री बनाना होगा.”
लखनऊ में @BJP4UP के वरिष्ठ कार्यकर्ताओं की बैठक को संबोधित किया।
हम सभी को मिलकर उत्तर प्रदेश में एक बार फिर प्रचंड बहुमत के साथ भाजपा की सरकार बनाने के लिए पूरी तन्मयता के साथ परिश्रम करना है। pic.twitter.com/NVXsu5ynUu
— Amit Shah (@AmitShah) October 29, 2021
अमित शाह ने शुक्रवार को ये बात लखनऊ में डिफेन्स एक्स्पो ग्राउंड में अवध इलाक़े के बीजेपी के कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए ये बात कही.
समारोह में उन्होंने आगामी विधानसभा चुनावों से पहले पार्टी के सदस्यता अभियान को भी हरी झंडी दिखाई.
अमित शाह ने कहा कि दिवाली के बाद चुनाव प्रचार में तेज़ी आएगी और पार्टी के कार्यकर्ता इसके लिए जी-जान लगाकर काम करेंगे.
उन्होंने कहा कि आने वाले चुनावों में बीजेपी का लक्ष्य 300 से अधिक सीटों पर जीत दर्ज करना है.
उन्होंने कहा, “जब बीजेपी के लोग कमल के फूल वाला झंडा लेकर चलते हैं तो विपक्षी पार्टियों को डर लगता है.”
उन्होंने विपक्षी पार्टियों, ख़ास कर समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव पर तंज कसते हुए कहा कि, “जब चुनाव का बिगुल बज जाता है, जो लोग घरों में बैठे हैं वो तैयार हो कर आते हैं और दिखावा करते हैं कि उनकी सरकार बनने वाली है. मैं उनसे सवाल करता हूं कि पांच सालों में वो कितने दिन विदेश में रहें इसका ब्योरा दें.”
अमित शाह ने कहा कि 2014, 2017 और 2019 में लोगों ने बीजेपी का मज़ाक उड़ाया था और कहा था ‘मंदिर वहीं बनाएंगे लेकिन तिथि नहीं बताएंगे’, लेकिन अभी की सरकार में अयोध्या में राम मंदिर का काम तेज़ी से चल रहा है.












