नीट-यूजी 2026 पेपर लीक कोई आखिरी समय की घटना नहीं थी, बल्कि इसकी साजिश कई महीने पहले रची गई थी। यह दावा CBI ने दिल्ली के राउज एवेन्यू कोर्ट में दाखिल 94 पेज की चार्जशीट में किया है। चार्जशीट 28 जुलाई को दाखिल की गई थी। इससे जुड़ी जानकारी शुक्रवार को सामने आई।
CBI चार्जशीट के मुताबिक, नीट का पेपर तैयार करने के दौरान NTA के तीन एक्सपर्ट्स सवाल याद कर लेते थे, फिर होटल लौटकर उन्हें पर्चियों पर लिखते थे। इसके बाद ये सवाल बिचौलियों और कोचिंग नेटवर्क के जरिए छात्रों तक पहुंचते थे। चार्जशीट में तीनों NTA एक्सपर्ट्स सहित 13 आरोपियों के नाम हैं।
इसमें बॉटनी एक्सपर्ट मनीषा गुरुनाथ मंधारे, केमिस्ट्री एक्सपर्ट प्रह्लाद विठ्ठलराव कुलकर्णी और फिजिक्स एक्सपर्ट मनीषा संजय हवलदार को मुख्य आरोपी बताया है। जांच एजेंसी ने कहा कि NTA एक्सपर्ट्स ने पेपर तैयार करने और मॉडरेशन के दौरान अपने पद का दुरुपयोग किया।

















