विपक्षी सांसदों ने शुक्रवार को भी संसद परिसर में तेज बारिश के बीच राम मंदिर चढ़ावा चोरी और जंतर-मंतर प्रदर्शन में छात्रों पर लाठीचार्ज को लेकर विरोध प्रदर्शन किया।
कांग्रेस ने शुक्रवार को लोकसभा में स्थगन प्रस्ताव देकर छात्रों पर पुलिस कार्रवाई को लेकर चर्चा की मांग की है। सांसद मणिकम टैगोर ने गृह मंत्री अमित शाह से पूरे मामले पर बयान देने और न्यायिक जांच कराने की मांग की।
वहीं, लोकसभा की कार्यवाही 11 बजे शुरू हुई लेकिन विपक्ष के हंगामे के कारण 12 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई। लोकसभा में आज विदेशी चंदे से जुड़ा फॉरेन कॉन्ट्रिब्यूशन (रेगुलेशन) संशोधन बिल यानी FCRA 2026 पेश हो सकता है।
राज्यसभा में भी विपक्षी सांसदों ने हंगामा किया। उन्होंने ‘अमित शाह सदन में आओ’ के नारे लगाए। इस पर केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि शाह सुबह से रात तक संसद में ही रहते हैं।

















