मुख्यमंत्री मोहन यादव का बड़ा ऐलान: 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा ‘सेवा संकल्प अभियान’
भोपाल: मुख्यमंत्री मोहन यादव ने मंत्रि-परिषद की बैठक से पूर्व मंत्रि-परिषद सदस्यों को संबोधित करते हुए बताया कि आगामी 7 अक्टूबर को गुजरात के मुख्यमंत्री और देश के प्रधानमंत्री के रूप में नरेंद्र मोदी के जनसेवा के 25 वर्ष पूर्ण हो रहे हैं। इस अवसर पर विकास और जनकल्याण के कार्यों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए प्रदेश में 17 सितंबर 2026 से 17 अक्टूबर 2026 तक एक माह का ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जाएगा।
17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक ‘सेवा संकल्प अभियान’
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि यह अभियान विकसित भारत के संकल्प की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम सिद्ध होगा। इसके अंतर्गत व्यापक जनभागीदारी सुनिश्चित करते हुए विभिन्न विकास एवं जनकल्याणकारी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
GDP वृद्धि दर 7.8% रहने पर प्रधानमंत्री को बधाई
मुख्यमंत्री यादव ने अप्रैल से जून 2026 की तिमाही में देश की जीडीपी वृद्धि दर 7.8% रहने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बधाई दी और मंत्रि-परिषद की ओर से उनका अभिनंदन किया। उन्होंने उल्लेख किया कि पिछले वर्ष की इसी अवधि (6.9%) की तुलना में यह एक बड़ी छलांग है, जो देश की मजबूत आर्थिक प्रगति को दर्शाती है।
धार्मिक पर्यटन और धरोहर संरक्षण के लिए 243 करोड़ के विकास कार्य
प्रदेश में सांस्कृतिक उत्थान और ऐतिहासिक धरोहरों के संरक्षण पर जोर देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि गौरवशाली परंपरा को सहेजने के लिए राज्य में 243 करोड़ रुपये की लागत से विभिन्न विकास और संरक्षण कार्य प्रगति पर हैं। इससे प्रदेश में धार्मिक पर्यटन को अभूतपूर्व प्रोत्साहन मिलेगा।
‘न देरी, न दूरी’ के सिद्धांत पर जन-विश्वास अभियान
7 अगस्त से शुरू हुए ‘जन-विश्वास अभियान’ का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि यह अभियान सुशासन के क्षेत्र में एक मील का पत्थर साबित हो रहा है।
‘न देरी, न दूरी’ के सिद्धांत पर काम करते हुए उन्होंने स्वयं छिंदवाड़ा, बड़वानी, टीकमगढ़ और बालाघाट जिलों का दौरा किया है। उन्होंने सभी मंत्रियों को अपने क्षेत्रों में निरंतर दौरे कर विकास कार्यों की मॉनिटरिंग करने और जनता से सीधा संवाद बनाए रखने के निर्देश दिए।
















