दिल्ली पुलिस ने राहुल गांधी, प्रियंका गांधी समेत कई विपक्षी सांसदों के खिलाफ आकाशवाणी भवन में जबरन घुसने के आरोप में FIR दर्ज की है। शिकायत आकाशवाणी की ओर से की गई है।
विपक्षी सांसद मंगलवार को मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग और SIR के विरोध में संसद से चुनाव आयोग तक ‘सेव डेमोक्रेसी’ मार्च निकाल रहे थे। पुलिस ने रास्ते में बैरिकेड लगाए। मार्च रोक दिया और कई नेताओं को बसों में बैठाकर प्रदर्शन खत्म कराने की तैयारी की।
राहुल गांधी और प्रियंका गांधी अचानक बस से उतरकर आकाशवाणी भवन के अंदर चले गए। दोनों परिसर में बरगद के पेड़ के नीचे धरने पर बैठ गए। उनके साथ कई नेता और कार्यकर्ता रात करीब 8 बजे तक यहीं बैठे रहे।
आज कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने INDIA ब्लॉक के सांसदों को दोपहर 1:30 बजे दिल्ली के जनपथ स्थित सागर रत्ना रेस्टोरेंट में लंच पर बुलाया है। इस बैठक में सभी सांसद मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार से मिलने का समय मांगने के लिए एक चिट्ठी पर दस्तखत करेंगे।

















