
शॉपिंग के पैसे न मिलने पर पत्नी ने तोड़ी पति की कार, वीडियो हुआ वायरल
बिजनौर जिले में एक महिला ने शॉपिंग के पैसे न मिलने पर गुस्से में पति की कार तोड़ दी। गैराज में मौजूद मिस्त्री ने घटना का वीडियो बना लिया। मामला नजीबाबाद थाना क्षेत्र के रम्मनवाला गांव का है। पुलिस जांच में जुटी है।
पत्नी ने शॉपिंग के पैसे न मिलने पर तोड़ी पति की कार, वीडियो वायरल
बिजनौर। एक अजीबोगरीब मामला उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले से सामने आया है। यहां एक महिला ने शॉपिंग के लिए पैसे मांगे, लेकिन पति द्वारा पैसे देने से इंकार किए जाने पर वह भड़क गई। गुस्से में पत्नी ने गैराज में खड़ी अपने पति की कार पर हथौड़ा बरसाना शुरू कर दिया।
गैराज पर मौजूद मिस्त्री ने पूरी घटना का वीडियो रिकार्ड कर लिया। वीडियो में महिला कार के शीशे तोड़ते नजर आ रही है। बताया जा रहा है कि मामला नजीबाबाद थाना क्षेत्र के गांव रम्मनवाला का है।
सूत्रों के मुताबिक, जब मिस्त्री ने महिला को रोकने की कोशिश की तो उसने किसी की एक न सुनी और उल्टा गालियां देते हुए रोकने वालों को अंजाम बुरा होने की धमकी दी।
वीडियो सामने आने के बाद स्थानीय लोगों ने इस मामले की शिकायत पुलिस से की है। फिलहाल पुलिस ने वीडियो के आधार पर जांच शुरू कर दी है।
इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया है, जहां लोग तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। कुछ लोग इसे “पति-पत्नी का झगड़ा” कहकर हंसी में उड़ा रहे हैं, तो कुछ इसे गुस्से में की गई खतरनाक हरकत बता रहे हैं!









