
डी. ए. वी. पब्लिक स्कूल में महात्मा हंसराज की 158 जयंती धूम धाम से मनाई गई।

गोपाल सिंह विद्रोही विश्रामपुर-स्थानीय डी.ए.वी. पब्लिक स्कूल बिश्रामपुर में आज महात्मा हंसराज जी की 158 वीं जयंती पूर्ण श्रद्धाभाव से मनाई गई। इस अवसर पर सामूहिक वैदिक हवन का आयोजन किया गया जिसमें विद्यालय प्राचार्य सहित विद्यालय परिवार के अध्यापक अध्यापिकाएँ और सत्र 2021 22 के बोर्ड परीक्षा में सम्मिलित होने वाले कक्षा दसवीं और बारहवीं के विद्यार्थी पूरे मनोयोग से शामिल हुए।
विद्यालय प्राचार्य एच. के. पाठक एवं अध्यापक- अध्यापिकाओं के द्वारा महात्मा हंसराज जी की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर श्रद्धाभाव से उनकी प्रतिमा पर पुष्पार्पण के साथ आयोजन का शुभारंभ किया गया। कक्षा दसवीं के विद्यार्थी अभय शंकर दीक्षित व अंशु ठाकुर ने अपने वक्तव्य में महात्मा हंसराज जी के महान व प्रेरक जीवन-वृत्त पर प्रकाश डालते हुए उन्हें सेवाभावी व पथ प्रदर्शक बताया। विद्यालय के संगीत विभाग की ओर से इस अवसर पर संगीतमय भजन की मनोरम प्रस्तुति ने सब को भाव विभोर कर दिया।
विद्यालय प्राचार्य एच. के. पाठक ने समस्त विद्यालय परिवार को महात्मा हंसराज जयंती की हार्दिक बधाई देते हुए कहा कि महात्मा हंसराज जी का संपूर्ण जीवन त्यागमय और सेवाभाव से परिपूर्ण रहा। शिक्षा के क्षेत्र में उनका महान योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा। उन्होंने बोर्ड परीक्षार्थियों को पूर्ण लगन के साथ कड़ी मेहनत करने के लिए प्रोत्साहित किया और उत्कृष्ट परीक्षा परिणाम की आशा करते हुए विद्यार्थियों के सुखद एवं उज्ज्वल भविष्य की मंगल कामनाएँ कीं। वरिष्ठ अध्यापक सी. पंडा के द्वारा बोर्ड परीक्षार्थियों को परीक्षा से संबंधित आवश्यक दिशा निर्देश एवं जानकारियां प्रदान की । आयोजन को सफल बनाने में समस्त विद्यालय परिवार का सराहनीय योगदान रहा। सामूहिक शांति पाठ के साथ आयोजन का सफल समापन हुआ।










