बलरामपुर : सहायक मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने मतगणना स्थल का किया निरीक्षण।

सहायक मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने मतगणना स्थल का किया निरीक्षण
बलरामपुर
/25 नवम्बर 2023/ छत्तीसगढ़ राज्य निर्वाचन आयोग के सहायक मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी श्री प्रकाश त्रिपाठी लाइवलीहूड कॉलेज भेलवाडीह स्थित स्ट्रांग रूम पहुंचकर आगामी 03 दिसंबर को होने वाली मतगणना के लिए की जा रही तैयारियों तथा सुरक्षा व्यवस्था आदि का अवलोकन किया तथा भारत निर्वाचन आयोग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुरूप सभी आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
सहायक मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी त्रिपाठी ने विधानसभावार बनाए जा रहे मतगणना कक्षों का अवलोकन करते हुए डाक मतपत्रों की गणना के लिए की जा रही तैयारियों, स्ट्रांग रूम की सुरक्षा व्यवस्था आदि का जायजा लिया। उन्होंने गणना सुपरवाइजर, गणना सहायक और माइक्रो आब्जर्वर के प्रशिक्षण, मतगणना टेबल, मतगणना कार्य में संलग्न अमले की संख्या, सुरक्षा व्यवस्था आदि के बारे में जानकारी ली। साथ ही मतगणना स्थल परिसर में निर्वाचन अभ्यर्थियों के प्रतिनिधियों के ठहरने तथा स्ट्रांग रूम की मॉनिटरिंग संबंधित समस्त व्यवस्थाओं के बारे में जाना। इस दौरान उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्री अमित श्रीवास्तव द्वारा मतगणना के लिए की जा रही व्यवस्थाओं और तैयारियों के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी। सहायक मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी मतगणना हेतु की जा रही व्यवस्थाओं से संतुष्ट नजर आए तथा आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
इस दौरान सहायक मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी त्रिपाठी ने बताया कि विधानसभा निर्वाचन-2023 की मतगणना 03 दिसम्बर 2023 को सुबह 8 बजे से पोस्टल बैलेट की गिनती के साथ शुरू होगी तथा सुबह 8ः30 बजे से ईव्हीएम में दर्ज मतों की गणना प्रारंभ होगी। उन्होंने मतगणना के दिन विद्युत की सतत् आपूर्ति हो और किसी भी वजह से मतगणना कार्य प्रभावित न हो, इसके लिए मतगणना स्थल पर सभी आवश्यक व्यवस्थाएँ सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

ChatGPT Image Jul 20, 2026, 05_14_44 PM
ChatGPT Image Jul 20, 2026, 05_53_50 PM
ChatGPT Image Jul 20, 2026, 06_08_26 PM
ChatGPT Image Jul 20, 2026, 06_16_13 PM
ChatGPT Image Jul 20, 2026, 06_22_41 PM