
मैनपाट महोत्सव 2026: फरवरी में होगा तीन दिवसीय आयोजन, मंत्री राजेश अग्रवाल की अध्यक्षता में बैठक संपन्न
अंबिकापुर में मैनपाट महोत्सव 2026 के आयोजन को लेकर पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल की अध्यक्षता में बैठक हुई। 13–15 फरवरी को रोपाखार जलाशय के पास तीन दिवसीय महोत्सव प्रस्तावित, स्थानीय कलाकारों को प्राथमिकता।
मैनपाट महोत्सव 2026 के आयोजन हेतु पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल की अध्यक्षता में बैठक संपन्न
स्थानीय कलाकारों को अधिक अवसर मिलें, हर वर्ष की भांति गरिमामयी ढंग से आयोजन हो – मंत्री
अंबिकापुर, 08 जनवरी 2026/मैनपाट महोत्सव 2026 के आयोजन को लेकर गुरुवार को जिला पंचायत सभाकक्ष, अंबिकापुर में पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई।
बैठक में कलेक्टर अजीत वसंत, पुलिस अधीक्षक राजेश अग्रवाल, जिला पंचायत सीईओ विनय अग्रवाल, अपर कलेक्टर सुनील नायक सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में बताया गया कि विगत वर्षों की भांति इस वर्ष भी तीन दिवसीय मैनपाट महोत्सव 2026 का आयोजन फरवरी माह में संभावित तिथि 13, 14 एवं 15 फरवरी 2026 को रोपाखार जलाशय के समीप किया जाना प्रस्तावित है।
बैठक के दौरान मैनपाट महोत्सव के भव्य एवं गरिमामयी आयोजन को लेकर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई। इसमें कार्यक्रम की रूपरेखा, तिथि एवं समय, अतिथियों की सूची, कलाकारों का चयन, विभिन्न प्रतियोगिताएं, सांस्कृतिक कार्यक्रम, विभागीय स्टॉल, एडवेंचर गतिविधियां तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं पर विचार-विमर्श किया गया।
पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने निर्देशित किया कि आयोजन में स्थानीय कलाकारों, स्कूल एवं कॉलेज के छात्र-छात्राओं को अधिक से अधिक अवसर प्रदान किए जाएं।
उन्होंने स्थानीय दुकानदारों को कार्यक्रम स्थल पर स्टॉल आबंटन हेतु पर्याप्त स्थान उपलब्ध कराने के निर्देश दिए तथा निजी संस्थानों से आवेदन आमंत्रित करने की बात कही।
मंत्री ने कहा कि मनोरंजन, खेल गतिविधियों एवं स्टॉल संचालन के लिए समुचित स्थान उपलब्ध कराया जाएगा। साथ ही लोक निर्माण विभाग, वन विभाग एवं अन्य संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें।
उन्होंने कहा कि हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी मैनपाट महोत्सव का आयोजन गरिमामयी और सुव्यवस्थित ढंग से किया जाए, जिसके लिए शासन एवं प्रशासन मिलकर कार्य करें।











