Advertisement

विकास के पथ पर तेजी से आगे बढ़ रहा हमारा छत्तीसगढ़ : मंत्री लखनलाल देवांगन

विकास के पथ पर तेजी से आगे बढ़ रहा हमारा छत्तीसगढ़ : मंत्री लखनलाल देवांगन

रंगारंग प्रस्तुति के साथ राज्योत्सव का हुआ आगाज

कोरबा/ उद्योग, वाणिज्य एवं श्रम मंत्री छत्तीसगढ़ शासन लखनलाल देवांगन ने राज्योत्सव 2024 के अवसर पर डा. भीमराव अम्बेडकर ओपन ऑडिटोरियम कोरबा में आयोजित समारोह में उपस्थित जनसमूह को मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित करते हुए कहा कि राज्य बनने के बाद छत्तीसगढ़ का तेजी से विकास हुआ है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने कृषि, स्वास्थ्य, शिक्षा के क्षेत्र में गरीब, किसानों, मजदूरों, महिलाओं, छात्र-छात्राओं समेत सभी वर्ग के हित के लिए कल्याणकारी योजनाएं संचालित की है। उन्होंने कहा कि सभी वर्गों के लोग इसका लाभ उठा रहे हैं और राज्य के विकास में अपना अहम योगदान भी दे रहे हैं। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में अनेक योजनाएं साकार रूप लेकर लोगों को लाभान्वित कर रही है। उन्होनें राज्य निर्माण में पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी बाजपेयी की भूमिका को याद करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना से गांव शहर से जुड़ गया है। जिले के अनेक गांव आज विकास की राह में है।
मंत्री श्री देवांगन ने कहा कि प्रदेश में अब डबल इंजन की सरकार है। प्रधानमंत्री श्री मोदी की गारंटी को प्रदेश में पूरा किया जा रहा है। मुख्यमंत्री के नेतृत्व में सरकार बनते ही प्रदेश में 18 लाख प्रधानमंत्री आवास हेतु राशि जारी की गई है। किसानों से 3100 रूपए प्रति क्विंटल की दर से और 21 क्विंटल प्रति एकड़ के मान से धान की खरीदी की गारंटी को पूरा करते हुए सरकार ने 145 लाख मीट्रिक टन धान की रिकॉर्ड खरीदी की। प्रदेश के किसानों को दो वर्ष के बकाया बोनस के रूप में 3,716 करोड़ रूपए का भुगतान किया गया। महिलाओं को सामाजिक और आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए महतारी वंदन योजना संचालित की जा रही है। इस योजना से हर महीने 70 लाख माताओं और बहनों को 01-01 हजार रूपए की सहायता राशि दी जा रही है। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में महतारी सदन का निर्माण कराया जा रहा है। आदिवासियों और वनवासियों की आमदनी की वृद्धि के लिए तेंदूपत्ता संग्रहण पारिश्रमिक दर 4000 रूपए मानक बोरा से बढ़ाकर 5500 रूपए मानक बोरा कर दी गई है। मंत्री श्री देवांगन ने उद्योग, श्रम विभाग में संचालित योजनाओं की जानकारी देते हुए लोगों को लाभ उठाने की अपील करते हुए राज्योत्सव स्थल में विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉल में जाकर विभाग में संचालित योजनाओं की जानकारी प्राप्त करने और लाभ उठाने का आग्रह किया। उन्होंने छत्तीसगढ़ के विकास में यहां के नागरिकों की महत्वपूर्ण भूमिका बताते हुए सभी को राज्य स्थापना दिवस की बधाई दी।
कार्यक्रम में उपस्थित विधायक कटघोरा श्री प्रेमचंद पटेल ने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय लगातार विकास के कार्य कर रहे हैं। वे छत्तीसगढ़ के लोगों को आगे बढ़ाने की दिशा में काम करते हुए योजनाएं बना रहे हैं। प्रदेश में गरीब, श्रमिक, किसान, महिला और युवाओं के कल्याण के लिए योजनाएं चलाई जा रहीं है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी 2047 तक भारत को विकसित भारत बनाने की दिशा में कार्य कर रहे हैं। छत्तीसगढ़ भी प्रधानमंत्री की संकल्पना को पूरा करने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। कार्यक्रम को जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती शिवकला कंवर और कलेक्टर श्री अजीत वसंत ने भी संबोधित किया। कलेक्टर श्री वसंत ने कहा कि मुख्यमंत्री एवं मंत्री के निर्देशन में जिले में शासन की योजनाओं का बेहतर क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जा रहा है। अधिकारी-कर्मचारी की सहभागिता से योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने के लिए कार्य किया जा रहा है। उन्होंने जिला खनिज संस्थान न्यास अंतर्गत फण्ड का सदुपयोग जिले में शिक्षा, स्वास्थ्य सहित अन्य महत्वपूर्ण आवश्यकताओं हेतु खर्च करने की बात कही। इस अवसर पर सभापति श्री श्याम सुंदर सोनी, पार्षद श्री सुखसागर निर्मलकर, श्री नरेंद्र देवांगन, पूर्व विधायक श्री श्याम लाल कंवर, पूर्व महापौर श्री जोगेश लांबा, पुलिस अधीक्षक श्री सिद्धार्थ तिवारी, डीएफओ श्री अरविंद पीएम, जिला पंचायत सीईओ श्री दिनेश कुमार नाग आदि उपस्थित थे।

Gemini_Generated_Image_fohysbfohysbfohy
WhatsApp-Image-2026-03-12-at-6.48.17-PM-1-298x300 (1)
sjjj
WhatsApp Image 2026-09-30 at 04.12.35 (2)

विभागीय स्टॉल का किया अवलोकन –
राज्योत्सव स्थल में विभिन्न विभागों द्वारा शासन की योजनाओं से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियों पर आधारित स्टॉल लगाए गए थे। मुख्य अतिथि श्री देवांगन सहित अन्य अतिथियों द्वारा सभी स्टॉल का अवलोकन किया गया और विभाग द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी तथा गतिविधियों को देखा। उन्होंने राज्योत्सव स्थल पर सजाए गए रंगोली एवं छत्तीसगढ़ के मानचित्र के साथ जलाए गए दीप का भी अवलोकन किया।

छत्तीसगढ़ी गायक सुनील सोनी सहित अन्य कलाकारों ने दी रंगारंग प्रस्तुति
राज्योत्सव में रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुति हुई। स्थानीय कलाकारों के साथ ही छत्तीसगढ़ के प्रसिद्ध छत्तीसगढ़ी गायक श्री सुनील सोनी, अंतरराष्ट्रीय कथक कलाकार सुश्री प्रीति चंद्रा, अश्विक साव द्वारा कथक, पार्थ यादव द्वारा तबला, अनीश म्यूज़िकल ग्रुप द्वारा सुगम संगीत प्रस्तुति दी गई। देर रात्रि तक छत्तीसगढ़ी गायक सोनी के गीतों पर दर्शक झूमते नजर आए।

Festive Hindi Greeting News Banner
WhatsApp Image 2026-10-16 at 21.37.34 (1)
WhatsApp Image 2026-10-18 at 17.22.08
WhatsApp Image 2026-10-16 at 12.30.57