
‘ख़ुत्बात-ए-मोदी’ उर्दू पुस्तक का विमोचन: धर्मेंद्र प्रधान बोले—प्रधानमंत्री मोदी के विज़न से नागरिकों को जोड़ने की सार्थक पहल
केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने NCPUL द्वारा प्रकाशित उर्दू पुस्तक ‘ख़ुत्बात-ए-मोदी’ का विमोचन किया। पुस्तक में 2014 से 2025 तक प्रधानमंत्री मोदी के स्वतंत्रता दिवस भाषण शामिल हैं।
नई दिल्ली। केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने राष्ट्रीय उर्दू भाषा संवर्धन परिषद (NCPUL) द्वारा प्रकाशित उर्दू पुस्तक ‘ख़ुत्बात-ए-मोदी’ का आज औपचारिक विमोचन किया। इस अवसर पर उन्होंने इसे नागरिकों को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विज़न और आकांक्षाओं से जोड़ने की एक सार्थक पहल बताया।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि यह पुस्तक 2014 से 2025 तक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वतंत्रता दिवस संबोधनों को एक साथ प्रस्तुत करती है। इन भाषणों में अंत्योदय, गरीबों का कल्याण, स्वच्छ भारत अभियान और 140 करोड़ भारतीयों की आकांक्षाओं जैसे प्रमुख विषयों को प्रमुखता से रेखांकित किया गया है।
धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि इस तरह के प्रकाशन विकसित भारत के लक्ष्यों और विचारों से आम जनता को जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने यह भी आग्रह किया कि यह पुस्तक देशभर के पुस्तकालयों तक पहुंचाई जाए, ताकि अधिक से अधिक लोग प्रधानमंत्री के विचारों से परिचित हो सकें।
इसके साथ ही उन्होंने NCPUL को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि भारत की विरासत, संस्कृति, जीवनशैली और समृद्ध अकादमिक परंपराओं पर उर्दू भाषा में और अधिक प्रकाशन किए जाएं, जिससे भाषाई समावेशन को और मजबूती मिले।









