
अंबिकापुर: कलेक्टर अजीत वसंत ने महिला एवं बाल विकास विभाग की समीक्षा बैठक ली, दिए अहम निर्देश
अंबिकापुर में कलेक्टर अजीत वसंत ने महिला एवं बाल विकास विभाग की समीक्षा बैठक ली। आंगनबाड़ी, कुपोषण, एनआरसी, भर्ती प्रक्रिया और योजनाओं के शत-प्रतिशत क्रियान्वयन पर निर्देश दिए।
कलेक्टर अजीत वसंत ने महिला एवं बाल विकास विभाग की समीक्षा बैठक ली
अंबिकापुर, 26 दिसंबर 2025।कलेक्टर अजीत वसंत ने शुक्रवार को जिला कलेक्टरेट सभाकक्ष में महिला एवं बाल विकास विभाग की समीक्षा बैठक ली। बैठक में जिला कार्यक्रम अधिकारी जे.आर. प्रधान, सभी सीडीपीओ सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान कलेक्टर श्री वसंत ने विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं और कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा की तथा प्रभावी क्रियान्वयन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विभाग अंतर्गत संचालित सभी योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचना सुनिश्चित किया जाए।
आंगनबाड़ी केंद्रों में उपस्थिति और पोषण पर विशेष जोर
कलेक्टर ने आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों की शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी आंगनबाड़ी केंद्र निर्धारित समय पर नियमित रूप से संचालित हों।
उन्होंने पोषण ट्रैकर एप में बच्चों की प्रविष्टि अनिवार्य रूप से सुनिश्चित करने, गंभीर कुपोषित बच्चों का चिन्हांकन कर उनके लिए विशेष पौष्टिक आहार की व्यवस्था करने के निर्देश दिए।
इसके साथ ही कलेक्टर ने जिले में 0 से 6 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों के आधार कार्ड निर्माण की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि जिन बच्चों का आधार कार्ड जन्म प्रमाण पत्र के अभाव में नहीं बन पाया है, उनकी सूची तैयार कर आवश्यक कार्यवाही की जाए।
एनआरसी में शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश
कलेक्टर श्री वसंत ने गंभीर कुपोषित बच्चों की त्वरित पहचान कर उन्हें पोषण पुनर्वास केंद्र (NRC) में नियमित रूप से भेजने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कुपोषण की पहचान मुख्य रूप से आंगनबाड़ी केंद्रों में होती है, इसलिए गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ जांच सुनिश्चित करें।
उन्होंने पालकों को प्रेरित करने के निर्देश दिए कि वे शासन की इस सुविधा का लाभ लेकर बच्चों को कुपोषण मुक्त बनाएं तथा एनआरसी में शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करें।
भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता, लापरवाही पर होगी कार्रवाई
बैठक में कलेक्टर ने कहा कि महिला एवं बाल विकास विभाग अंतर्गत रिक्त पदों पर भर्ती प्रक्रिया पूर्णतः पारदर्शी होनी चाहिए। भर्ती प्रक्रिया नियमानुसार और समय-सीमा के भीतर पूरी की जाए। किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों पर कार्रवाई की जाएगी।
आंगनबाड़ी भवनों और विद्युतीकरण पर निर्देश
कलेक्टर श्री वसंत ने आंगनबाड़ी केंद्र भवनों की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि जिन केंद्रों के भवन निर्माण कार्य पूर्ण हो चुके हैं, वहां तत्काल आंगनबाड़ी केंद्र शिफ्ट कर संचालन प्रारंभ किया जाए।
इसके साथ ही उन्होंने जिला कार्यक्रम अधिकारी को निर्देश दिए कि जिन आंगनबाड़ी केंद्रों में आंतरिक एवं बाह्य विद्युतीकरण नहीं हुआ है, उनकी सूची तैयार की जाए। पहले चरण में 200 आंगनबाड़ी केंद्रों के विद्युतीकरण के लिए प्राक्कलन तैयार कर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।
शासकीय योजनाओं का लाभ समय पर पहुंचे
कलेक्टर ने सभी सीडीपीओ को निर्देशित किया कि वे सुपरवाइजर के साथ बैठक कर मातृ वंदना योजना में अधिक से अधिक पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित करें तथा 15 दिवस के भीतर लक्ष्य अनुसार प्रगति सुनिश्चित करें।
साथ ही महतारी वंदन योजना अंतर्गत सभी हितग्राहियों की शत-प्रतिशत ई-केवाईसी पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप पात्र महिलाओं और बच्चों तक योजनाओं का लाभ समय पर पहुंचाना हम सभी की जिम्मेदारी है, इसलिए गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ कार्य करें।
बैठक में एजेंडा अनुसार विभिन्न विषयों पर विस्तारपूर्वक समीक्षा की गई।












