जांजगीर-चांपा जिले के चांपा थाने में पुलिस कस्टडी में 30 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद आक्रोशित परिजनों और स्थानीय लोगों ने थाने का घेराव कर पुलिस पर गंभीर मारपीट के आरोप लगाए। वहीं, पुलिस का दावा है कि युवक की तबीयत बिगड़ने पर उसे अस्पताल ले जाया गया था, जहां उसकी मौत हुई।
जानकारी के मुताबिक, चांपा थाने के एक ट्रेनी सब-इंस्पेक्टर और दो आरक्षकों ने बुधवार मेहंदीपारा निवासी शाम शिव सहिस को बुधवार को उसके घर से पकड़ा था। पुलिस का आरोप था कि उसके पास से 20 लीटर देशी शराब बरामद हुई है। इसके बाद उसे थाने लाकर हिरासत में रखा गया था। रात करीब 10 बजे अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई। इसके बाद उसे पहले बीडीएम अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गुरुवार सुबह करीब 6 बजे जांजगीर जिला अस्पताल रेफर किया गया।
यहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों और बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। गुरुवार सुबह 9.30 बजे मोहल्लेवासियों ने चांपा थाने का घेराव कर दिया। थाने के बाहर परिजन न्याय की मांग करते हुए बिलखते नजर आए। परिजनों ने पुलिस पर हिरासत में बेरहमी से मारपीट करने और उसी के कारण शिव सहिस की मौत होने का आरोप लगाया है। दूसरी ओर, पुलिस अधिकारियों का कहना है कि युवक को मिर्गी का दौरा पड़ा था। एसपी विजय पांडेय ने बताया कि शिव सहिस का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। शराब बिक्री और मारपीट से जुड़े मामलों को मिलाकर यह उसका चौथा मामला था। विधिक प्रक्रिया के तहत उसे हिरासत में लिया गया था।
भूपेश बघेल ने उठाए सवाल, आरक्षक सस्पेंड इस कस्टोडियल डेथ को लेकर राजनीतिक हलचल भी तेज हो गई है। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए प्रदेश के गृह विभाग और पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने निष्पक्ष जांच की मांग की है। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी विजय कुमार पाण्डेय ने लापरवाही और अनुशासनहीनता के आरोप में आरक्षक ईश्वरी राठौर को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। फिलहाल, शव को पोस्टमॉर्टम के लिए मर्चुरी में रखा गया है। पीएम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह का खुलासा हो सकेगा। हालांकि, शॉर्ट-टर्म पीएम रिपोर्ट में कार्डिएक अरेस्ट से मौत की बात सामने आई है। तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए थाने के बाहर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।













