दुर्ग में संभाग आयुक्त कार्यालय में चपरासी की नौकरी लगाने का झांसा देकर दो लोगों से 5 लाख रुपए लेने के मामले में पुलिस ने करीब 8 साल बाद आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी शमीम खान को 13 सितंबर को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने दोनों लोगों से नौकरी लगाने के नाम पर पैस लेना स्वीकार किया।
मामला पुरानी भिलाई थाना क्षेत्र का है। दरअसल, पुरैना निवासी डी. सत्य साईं ने 17 नवंबर 2018 को पुरानी भिलाई थाने में शिकायत की थी। शिकायत के मुताबिक, शमीम खान ने संभाग आयुक्त कार्यालय दुर्ग में चपरासी के पद पर नौकरी लगवाने का भरोसा दिया था।
आरोपी ने शिकायतकर्ता और उसके परिचित सीएच बैकुंठ राव से नौकरी लगाने के नाम पर कुल 5 लाख रुपए लिए थे। रकम देने के बाद भी दोनों की नौकरी नहीं लगी। इसके बाद आरोपी ने रुपए वापस भी नहीं किए। शिकायत मिलने पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की।
जांच के दौरान शिकायतकर्ता ने पुलिस को लेन-देन से जुड़े दस्तावेज, बैंक का विवरण, लेन-देन का वीडियो और कर्ज से संबंधित दस्तावेज उपलब्ध कराए। पुलिस ने इन सबूतों की जांच के साथ आरोपी से पूछताछ की।
पूछताछ में शमीम खान ने दोनों लोगों से नौकरी लगाने के नाम पर रुपए लेना स्वीकार किया। इसके बाद पुलिस ने 13 सितंबर को दोपहर 1:40 बजे उसे गिरफ्तार कर लिया।
यूनियन बैंक का विवरण और पेन ड्राइव जब्त
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ जांच के दौरान बैंक रिकॉर्ड और अन्य दस्तावेज जुटाए। आरोपी के पास से यूनियन बैंक का बैंक विवरण, लेन-देन का वीडियो रखने वाली पेन ड्राइव और कर्ज से जुड़े तीन दस्तावेज जब्त किए गए हैं।
आरोपी शमीम खान गुरुघासीदास वार्ड क्रमांक 44, कसारीडीह, दुर्ग का रहने वाला है। गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।













