
सरगुजा की बेटियों ने रचा इतिहास, संत गहिरा गुरु विश्वविद्यालय पहली बार ऑल इंडिया बास्केटबॉल चैंपियनशिप में
संत गहिरा गुरु विश्वविद्यालय, सरगुजा की महिला बास्केटबॉल टीम ने ईस्ट ज़ोन इंटर यूनिवर्सिटी प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर पहली बार ऑल इंडिया इंटर यूनिवर्सिटी बास्केटबॉल चैंपियनशिप के लिए क्वालीफाई किया।
इतिहास रचने वाली सरगुजा की बेटियाँ
संत गहिरा गुरु विश्वविद्यालय पहली बार ऑल इंडिया यूनिवर्सिटी बास्केटबॉल चैंपियनशिप में
अंबिकापुर, 18 जनवरी 2026/सरगुजा जिले के लिए यह पल गर्व और उत्साह से भरा हुआ है। संत गहिरा गुरु विश्वविद्यालय, सरगुजा की महिला बास्केटबॉल टीम ने ईस्ट ज़ोन इंटर यूनिवर्सिटी बास्केटबॉल प्रतियोगिता में शानदार और ऐतिहासिक प्रदर्शन करते हुए पहली बार ऑल इंडिया इंटर यूनिवर्सिटी बास्केटबॉल चैंपियनशिप के लिए क्वालीफाई कर लिया है। यह उपलब्धि सरगुजा जिले के खेल इतिहास में स्वर्ण अक्षरों में दर्ज हो गई है।
विश्वविद्यालय की इस ऐतिहासिक सफलता में सरगुजा जिला बास्केटबॉल संघ की प्रतिभाशाली खिलाड़ियों की मेहनत और समर्पण आज पूरी तरह रंग लाई है।
राष्ट्रीय कोच राजेश प्रताप सिंह ने बताया कि इससे पूर्व भी यह टीम राज्य स्तरीय महिला बास्केटबॉल प्रतियोगिता की विजेता रही है। उसी विजयी लय को टीम ने इंटर यूनिवर्सिटी स्तर पर भी कायम रखा। लगातार जीत के साथ टीम ने प्रतियोगिता की शुरुआत से ही अपने मजबूत इरादे स्पष्ट कर दिए थे।
सरगुजा जिला बास्केटबॉल संघ से विश्वविद्यालय की टीम में प्रज्ञा मिश्रा, रिविका लकड़ा, रिमझिम, साक्षी, प्रिया जायसवाल, सुष्मिता, प्रियंका पैकरा, संसिता, रागिनी, प्रीति, नेहा एवं आकांक्षा शामिल रहीं। यह उपलब्धि संघ के लिए भी एक बड़ी सफलता है। सरगुजा की बेटियों की यह मेहनत, संघर्ष और सपनों की ऐतिहासिक उड़ान है, जिसने पूरे देश में विश्वविद्यालय और जिले का नाम रोशन किया है।
तकनीकी कोच रजत सिंह ने जानकारी दी कि पहले मुकाबले में टीम ने सिक्किम मणिपाल इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी विश्वविद्यालय को 50–04 के बड़े अंतर से पराजित किया। दूसरे मैच में पाटलिपुत्र विश्वविद्यालय, पटना को 45–05 से शिकस्त दी। इसके बाद दीनदयाल उपाध्याय विश्वविद्यालय, गोरखपुर को 55–35 के स्कोर से हराया।
क्वालीफाइंग मुकाबला उत्कल विश्वविद्यालय, भुवनेश्वर के विरुद्ध खेला गया, जिसमें संत गहिरा गुरु विश्वविद्यालय की टीम ने दमदार खेल का प्रदर्शन करते हुए 53–30 के स्कोर से शानदार जीत दर्ज की और ऑल इंडिया यूनिवर्सिटी बास्केटबॉल चैंपियनशिप में स्थान सुनिश्चित किया।
टीम के साथ कोच रजत सिंह तथा प्रबंधन के रूप में एस.एस. अली और राधा खलखो उपस्थित रहे।
इस ऐतिहासिक उपलब्धि के बाद सरगुजा जिला बास्केटबॉल संघ के पदाधिकारियों एवं सदस्यों में जबरदस्त हर्ष और उत्साह का माहौल है। संघ परिवार ने पूरी टीम, महाविद्यालय तथा विश्वविद्यालय प्रबंधन को इस शानदार सफलता के लिए हार्दिक बधाई दी है।












