
गणतंत्र दिवस: मोहन मरकाम ने राजीव भवन में किया ध्वजारोहण
रायपुर। प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम ने झंडा फहराया। इस अवसर पर राष्ट्रगान, ध्वजगीत तथा राज्य गीत का गायन उपस्थित कांग्रेसजनों ने किया। सेवादल के कार्यकर्ताओं ने तिरंगे झंडे को सलामी दिया। झंडोत्तोलन के बाद कांग्रेसजनों को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम ने अपना संदेश दिया।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम ने कहा कि 74वें गणतंत्र दिवस पर मेरी हार्दिक शुभकामनाएं एवं बधाई स्वीकार करें। कांग्रेस का संकल्प था कि देश में गणतंत्र की स्थापना हो, हमें गर्व है कि कांग्रेस के ही संघर्ष का प्रतिफल है, हमारा गणतंत्र। 26 जनवरी 1950 को प्रदत्त संविधान कांग्रेस के ही सपनों का साकार रूप है। हमारे संविधान में भारत वासियों की आकांक्षा एवं अपेक्षाओं की अनुगूंज हमें साफ सुनाई देती है। हमारे संविधान में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के आदर्शों की महक है। हमारा संविधान देश की एकता को मजबूत करने वाला संविधान है। हमारा संविधान, हमारे स्वाभिमान का प्रतीक है। परंतु खेदजनक है, कि बाबा साहेब अम्बेडकर तथा हमारे महान देश भक्तों द्वारा रचित इस संविधान के सम्पूर्ण स्वरूप को ही, भाजपा नष्ट करना चाहती है। इससे देश की एकता के लिए गंभीर चुनौतियां आ जायेगी। कांग्रेस का हर कार्यकर्ता संविधान का सिपाही और लोकतंत्र का रक्षक है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम ने कहा कि मित्रों, हमारे लोकप्रिय मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल के नेतृत्व में हमारी सरकार ने 17 दिसम्बर 2018 को कामकाज शुरू किया था, सरकार बनने के दो-घंटे के भीतर ही, किसानों का कर्ज माफी, ढाई हजार प्रति कि्ंवंटल की दर से धान खरीदी, सिंचाई कर माफ एवं बिजली का बिल हाफ जैसे वायदे तुरंत लागू कर दिये। कांग्रेस की सरकार के पिछले चार वर्ष उपलब्धियों और विकास के नये-नये कीर्तिमानों से भरे हुये हैं। आज भी हमारी कांग्रेस की सरकार जनता से की गई हर वायदे को पूरा करने के लिए लगातार काम कर रही है। गांव, गरीब, किसान, मजदूर, वनाश्रितों, महिलाओं, बच्चों, युवाओं और बुजुर्गों सहित प्रदेश के सभी वर्ग के लोगों के हित में कार्य किये हैं हमारी कांग्रेस सरकार ने। 18 लाख 86 हजार किसानों के 9 हजार 270 करोड़ रूपये के कृषि ऋण को माफ किया, किसानों पर बकाया सिंचाई का 244.18 करोड़ रूपये का कर्ज भी माफ कर दिया।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम ने कहा कि साथियों, कांग्रेस सरकार हर साल धान खरीदी के उपलब्धि भरे कीर्तिमान रच रही है। आज पूरे देश में सबसे ज्यादा धान खरीदने वाले राज्य में हमारा छत्तीसगढ़ अग्रणी है। हमारी सरकार गो-धन न्याय योजना के तहत किसानों और गौ-पालकों के हित में भी काम कर रही है। इस योजना का प्रभाव है कि, गौ-माता का ध्यान रखा जा रहा है। हमारी सरकार की गो-धन न्याय योजना और सुराजी गांव योजना की आज पूरे देश में चर्चा है। आज पूरे देश में छत्तीसगढ़, तेजी से बढ़ती हुयी अर्थव्यवस्था वाले राज्यों में अग्रणी हो रहा है। हमारी ग्रामीण अर्थव्यवस्था पूरे देश के सामने एक मिसाल है। हमारी सरकार महात्मा गांधी जी के ग्राम-स्वराज की अवधारणा को साकार कर रही है। ग्रामीण क्षेत्रों में खुषहाली आयी है और समृध्दि आयी है। गौठानों में महिला स्व-सहायता समूहों द्वारा विभिन्न आय-मूलक गतिविधियों का संचालन किया जा रहा है। छत्तीसगढ़ देश का एक-मात्र राज्य हैं, जहां गौठान में गोबर से निर्मित प्राकृतिक पेन्ट बनाया जा रहा है। स्वास्थ्य क्षेत्र में मुख्यमंत्री हाट-बाजार क्लिनिक योजना, स्लम स्वास्थ्य योजना, दायी-दीदी क्लिनिक, सुपोषण अभियान, श्री धनवन्तरि जेनेरिक मेडिकल स्टोर जैसी योजनों से हमारी सरकार प्रदेश के हर नागरिक को उत्कृष्ट स्वास्थ्य सेवा उपलब्ध करा रही है। आज छत्तीसगढ़ में सबसे कम बेरोजगारी है, क्योंकि सरकार लोगों को रोजगार उपलब्ध करा रही है। आज प्रदेश के गांवों में रोजगार एवं स्व-रोजगार के अनेकों अवसर बने हैं। हमारे युवा, उद्यमियों के रूप में उभर रहे है और पलायन रूका है। मित्रों, हमें गर्व है कि, पूरे देश में छत्तीसगढ़ के आदर्श मॉडल का डंका बज रहा है। यह छत्तीसगढ़ के प्रत्येक नागरिकों की सहभागिता से संभव हुआ है।










