करवा चौथ पर आज (29 अक्टूबर) महिलाएं पति की लंबी उम्र की कामना के साथ व्रत रखेंगी। दिनभर निर्जला उपवास रखने के बाद रात में चांद के दर्शन कर व्रत खोलेंगी।
चंद्रोदय के अनुमानित समय के मुताबिक, छत्तीसगढ़ में सबसे पहले बलरामपुर में रात 8:02 बजे चांद निकलने की उम्मीद है। इसके बाद अंबिकापुर में रात 8:03 बजे और कोरबा में रात 8:06 बजे चंद्रमा के दर्शन हो सकते हैं।
रायपुर में रात 8:18 बजे चांद निकलने का अनुमान है। वहीं, जगदलपुर में रात 8:17 से 8:22 बजे के बीच चंद्रमा के दर्शन हो सकते हैं। इस बार चक्रवात ‘अर्नब’ के असर से कई जगहों पर बादल छाए रहने की आशंका है।
ज्योतिषाचार्य पंडित मनोज शुक्ला के अनुसार, अगर करवा चौथ पर चंद्रमा के दर्शन नहीं हो पा रहे हैं, तो भगवान शिव और गणेश जी के मंदिर जाकर मानसिक दर्शन कर सकते हैं। भगवान शिव की जटाओं में चंद्रदेव विराजमान हैं। चंद्रमा के दर्शन के बाद व्रत का पारण करें।

















