
Junagadh Double Murder: 15 साल के नाबालिग ने भाई और प्रेग्नेंट भाभी की हत्या कर शव घर में दफनाए, रेप का भी खुलासा
Gujarat Junagadh Double Murder Case: शोभावदला गांव में 15 वर्षीय नाबालिग ने अपने बड़े भाई और गर्भवती भाभी की हत्या कर दी। वारदात से पहले रेप किया और शव को घर में दफनाया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
Junagadh Double Murder: नाबालिग ने की भाई और प्रेग्नेंट भाभी की हत्या, फिर शव को घर में दफनाया
जूनागढ़ (गुजरात)। दिल दहला देने वाला मामला जूनागढ़ जिले के शोभावदला गांव स्थित खोडियार आश्रम से सामने आया है, जहां एक 15 वर्षीय नाबालिग ने अपने बड़े भाई और गर्भवती भाभी की हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपी ने भाभी के साथ रेप किया, फिर दोनों के शव नग्न कर घर में पांच फुट गहरे गड्ढे में दफना दिए। इस जघन्य वारदात का खुलासा 31 अक्टूबर को हुआ, जबकि हत्या 16 अक्टूबर को हुई थी।
पुलिस के मुताबिक आरोपी का परिवार मूल रूप से बिहार के खगड़िया जिले का रहने वाला है और पिछले 28 साल से शोभावदला गांव के पास खोडियार आश्रम में रह रहा था। पिता की कोरोना से मौत के बाद मां विभाबेन साध्वी की तरह जीवन जीने लगीं।
आरोपी आश्रम में गोशाला की देखभाल करता था जबकि बड़ा भाई शिवमगिरी (22) इलेक्ट्रिशियन का काम करता था।
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपी को शराब की लत थी। इसी को लेकर घर में अक्सर झगड़े होते थे।
भाई शिवमगिरी उसे नशा छोड़ने की सलाह देता था और उसकी कमाई अपने पास रख लेता था। इसी रंजिश में आरोपी ने भाई की हत्या की साजिश रच ली।
16 अक्टूबर की सुबह जब बड़ा भाई सो रहा था, आरोपी ने लोहे की रॉड से उसके सिर पर हमला कर दिया और तब तक पीटता रहा जब तक उसकी मौत नहीं हो गई।
शोर सुनकर गर्भवती भाभी कंचन कुमारी (19) कमरे में आईं, तो आरोपी ने पहले उनके साथ रेप किया, फिर उनके पेट पर घुटना रखकर गला घोंट दिया।
पुलिस के अनुसार, रेप के बाद आरोपी ने इतनी जोर से लात मारी कि भ्रूण गर्भ से बाहर आ गया।
हत्या के बाद आरोपी ने घर में पांच फुट गहरा गड्ढा खोदा, दोनों शवों को नग्न अवस्था में दफनाया और उनके कपड़ों में आग लगा दी ताकि सबूत मिटाया जा सके।
कॉल डिटेल से पता चला कि घटना के समय आरोपी की मां मौके पर नहीं थीं, लेकिन बाद में सबूत मिटाने में बेटे की मदद की।
दिवाली पर जब मृत महिला के माता-पिता अपनी बेटी से संपर्क नहीं कर पाए, तो उन्होंने दामाद के फोन पर कॉल किया।
कॉल उठाने पर आरोपी ने कहा कि दोनों की सड़क हादसे में मौत हो गई है।
संदेह होने पर उन्होंने हादसे की तस्वीरें और सबूत मांगे, मगर आरोपी टालमटोल करता रहा।
इसके बाद वे बिहार से गुजरात पहुंचे और जांच में पता चला कि ऐसा कोई हादसा हुआ ही नहीं।
पुलिस ने जब आश्रम जाकर खुदाई की, तो दोनों के शव बरामद हुए।
पुलिस ने नाबालिग को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जहां उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया।
पुलिस का कहना है कि इतने बड़े गड्ढे को अकेले खोदना मुश्किल था, इसलिए मां की भूमिका की भी जांच की जा रही है।











