
बस्तर ओलंपिक 2025 का भव्य समापन: अमित शाह का ऐलान – 31 मार्च 2026 तक नक्सलवाद का अंत, बस्तर बनेगा देश का सबसे विकसित आदिवासी संभाग
जगदलपुर में बस्तर ओलंपिक 2025 के समापन समारोह में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने नक्सलवाद के खात्मे की समयसीमा तय करते हुए बस्तर को 2030 तक देश का सबसे विकसित आदिवासी संभाग बनाने का संकल्प दोहराया।
जगदलपुर, 13 दिसंबर 2025। छत्तीसगढ़ के जगदलपुर में आयोजित बस्तर ओलंपिक 2025 का समापन समारोह ऐतिहासिक घोषणाओं और विकास के संकल्पों के साथ संपन्न हुआ। समारोह को संबोधित करते हुए केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने कहा कि 31 मार्च 2026 तक पूरे देश से नक्सलवाद का अंत कर दिया जाएगा, और बस्तर अब भय नहीं बल्कि भविष्य का प्रतीक बन चुका है।
उन्होंने कहा कि जहां कभी गोलियों की आवाज़ गूंजती थी, वहां अब स्कूल की घंटियां बज रही हैं, जहां सड़क बनाना सपना था वहां अब रेलवे ट्रैक और राजमार्ग बन रहे हैं। लाल आतंक की जगह अब भारत माता की जय के नारे गूंज रहे हैं।
बस्तर ओलंपिक में रिकॉर्ड भागीदारी
- वर्ष 2024: 1.65 लाख खिलाड़ी
- वर्ष 2025: 3.91 लाख खिलाड़ी
- महिला सहभागिता में लगभग तीन गुना वृद्धि
- 700 से अधिक आत्मसमर्पित नक्सलियों ने खिलाड़ियों के रूप में भाग लेकर नई मिसाल पेश की
विकास की बड़ी घोषणाएं
- हर गांव तक सड़क और बिजली
- 5 किमी के दायरे में बैंकिंग सुविधा
- घना PHC–CHC स्वास्थ्य नेटवर्क
- डेयरी विकास से आय में वृद्धि
- वन उपज प्रोसेसिंग के लिए कोऑपरेटिव यूनिट
- अत्याधुनिक अस्पताल और स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स
- कुपोषण के लिए विशेष योजना
- आत्मसमर्पित नक्सलियों के लिए आकर्षक पुनर्वसन नीति
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय
मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह के नेतृत्व में माओवाद के खिलाफ निर्णायक लड़ाई लड़ी जा रही है। नियद नेलानार योजना के विस्तार से अब गांवों तक बिजली, पानी, शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंच रही हैं।
विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह
डॉ. रमन सिंह ने कहा कि बस्तर 100 वर्षों के इतिहास में नया अध्याय लिख रहा है और 2026 तक नक्सलवाद की समाप्ति का संकल्प ऐतिहासिक है।
उपस्थित प्रमुख जनप्रतिनिधि
इस अवसर पर केबिनेट मंत्री केदार कश्यप, सांसद भोजराज नाग, महेश कश्यप, विधायक लता उसेंडी, विक्रम उसेंडी, नीलकंठ टेकाम, विनायक गोयल, आशाराम नेताम, श्रीनिवास राव मद्दी, रूपसिंह मंडावी, विश्व विजय सिंह तोमर, महापौर संजय पांडे सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी और हजारों खेलप्रेमी नागरिक उपस्थित रहे।
विधायक किरण देव ने स्वागत उद्बोधन दिया, जबकि सांसद महेश कश्यप ने आभार व्यक्त किया।








