
छत्तीसगढ़ में लगेंगे 513 नए 4G मोबाइल टावर, सीएम साय ने जताया केंद्र सरकार का आभार
Chhattisgarh News: डिजिटल भारत निधि के तहत छत्तीसगढ़ में BSNL के माध्यम से 513 नए 4G मोबाइल टावर लगाए जाएंगे। सीएम विष्णुदेव साय ने इसे नक्सल उन्मूलन की दिशा में बड़ी उपलब्धि बताया।
छत्तीसगढ़ को डिजिटल कनेक्टिविटी की बड़ी सौगात: 513 नए 4G मोबाइल टावर लगाने की स्वीकृति
रायपुर। छत्तीसगढ़ में डिजिटल कनेक्टिविटी को मजबूत करने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया गया है। डिजिटल भारत निधि के अंतर्गत बीएसएनएल के माध्यम से राज्य में 513 नए 4G मोबाइल टावर लगाए जाने की स्वीकृति दी गई है। इस संबंध में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर जानकारी साझा की।
मुख्यमंत्री साय ने अपने पोस्ट में कहा कि यह निर्णय नक्सली उन्मूलन के प्रयासों के प्रतिफल की पहली कड़ी है, जिससे दूरस्थ और प्रभावित क्षेत्रों में संचार सुविधा का विस्तार होगा।
इंटरनेट के साथ वित्तीय समावेशन को भी मिलेगा बढ़ावा
सीएम साय ने कहा कि केंद्र सरकार के इस फैसले से न केवल इंटरनेट और मोबाइल कनेक्टिविटी सुदृढ़ होगी, बल्कि इन क्षेत्रों में रहने वाली जनता के वित्तीय समावेशन की दिशा में भी यह एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा। डिजिटल कनेक्टिविटी बढ़ने से ऑनलाइन बैंकिंग, सरकारी योजनाओं का लाभ, डिजिटल भुगतान और शिक्षा-स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंच आसान होगी।
प्रधानमंत्री और केंद्रीय मंत्रियों का जताया आभार
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने छत्तीसगढ़ की जनता की ओर से इस महत्वपूर्ण निर्णय के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया का आभार व्यक्त किया।
सीएम साय ने कहा कि केंद्र सरकार का यह सहयोग राज्य के आदिवासी और दूरस्थ अंचलों को मुख्यधारा से जोड़ने में अहम भूमिका निभाएगा।









