
135वीं जयंती पर बाबा साहेब को श्रद्धांजलि, कांग्रेस कार्यालय में गूंजे “संघर्ष करो” के स्वर
डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती पर जिला कांग्रेस कमेटी ने श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया। नेताओं ने संविधान, समानता और लोकतंत्र पर बाबा साहेब के योगदान को याद किया।
बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती के अवसर पर आज जिला कांग्रेस कमेटी कार्यालय राजीव भवन में कांग्रेसजनों द्वारा उनके चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस अवसर पर एक विचार गोष्ठी का आयोजन भी हुआ, जिसमें देश में बाबा साहब के विचारों की प्रासंगिकता और उनके योगदान पर चर्चा की गई।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष बालकृष्ण पाठक ने कहा कि “शिक्षित हो, संगठित रहो और संघर्ष करो”—बाबा साहेब का यह नारा आज के दौर में और भी अधिक प्रासंगिक हो गया है। उन्होंने कहा कि आज हमें भाजपा के फैलाए झूठ से खुद को शिक्षित करना होगा, विभाजनकारी नीतियों के विरुद्ध संगठित होना होगा और लोकतंत्र की पुनः स्थापना के लिए संघर्ष करना होगा।
पूर्व 20 सूत्रीय कार्यक्रम उपाध्यक्ष अजय अग्रवाल ने कहा कि बाबा साहेब ने जातिवाद और अस्पृश्यता के विरुद्ध जो संघर्ष किया, वह भारत को एक समतामूलक समाज बनाने की दिशा में मील का पत्थर साबित हुआ।
नेता प्रतिपक्ष शफी अहमद ने कहा कि संविधान सभा में बाबा साहेब को जो जिम्मेदारी मिली, वह इस बात का प्रमाण है कि वे समाज में समानता के सबसे बड़े पैरोकार थे। उन्होंने कहा कि पिछले एक दशक में जिस तरह संविधान को नुकसान पहुंचाया गया है, वह चिंताजनक है।
पूर्व महापौर डॉ. अजय तिर्की ने कहा कि नागरिकों के अधिकारों की रक्षा केवल कांग्रेस के संविधान सम्मत दृष्टिकोण से ही संभव है।
पीसीसी उपाध्यक्ष श्री जे पी श्रीवास्तव ने कहा कि संविधान हमारे लिए गीता, क़ुरान, बाइबिल और गुरुग्रंथ साहिब की तरह पवित्र है, और उसमें किसी प्रकार की छेड़छाड़ को जनता बर्दाश्त नहीं करेगी।
पीसीसी महामंत्री द्वितेंद्र मिश्रा ने बाबा साहेब की जीवनी और संघर्षों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि आज भी समाज को जातिवाद और भेदभाव के खिलाफ वैसा ही संघर्ष करने की ज़रूरत है।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित थे, जिनमें मो शफीक खान, मो इस्लाम, विनय शर्मा, दुर्गेश गुप्ता, सीमा सोनी, संजय विश्वकर्मा, अरविंद कुमार सिंह, गीता प्रजापति, प्रमोद चौधरी, मेराज रंगरेज, निखिल विश्वकर्मा, सुदामा कुर्रे, नीतीश कुमार चौरसिया, रश्मि सोनी, संगीत मिंज, बैजनाथ, सावित्री ठाकुर, अशोक कुमार सिंह सहित अन्य गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।








