
संकुल कन्या विश्रामपुर में हुआ पढ़ई तिहार मेले का आयोजन…….
संकुल कन्या विश्रामपुर में हुआ पढ़ई तिहार मेले का आयोजन
विश्रामपुर- जिला कार्यालय के निर्देशानुसार अंगना मा शिक्षा 3.0 के अंतर्गत पढ़ई तिहार मेले का आयोजन कन्या विश्रामपुर संकुल के सभी प्राथमिक विद्यालयों में किया गया। जिसका उद्देश्य ग्रीष्मावकाश में बच्चों को शिक्षा से जुड़े रखने एवं उनकी देखभाल हेतु माताओं को प्रशिक्षित एवं जागरूक करना था। इस आयोजन में सभी बच्चे अपनी माताओं के साथ उपस्थित थे। इसमें विशेष रूप से 5 वर्ष से 6 वर्ष के बच्चों एवं उनकी माताओं को फोकस किया गया तथा उन्हें सपोर्ट कार्ड भी दिया गया। इस मेले में 9 काउंटर बनाकर 5 से 6 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों का मेले में परीक्षण कराया गया। इनके साथ अन्य आयु वर्ग के बच्चे भी अपनी माताओं के साथ इस मेले में आए थे । माताएं ग्रीष्मावकाश के दौरान अपने बच्चों की पढ़ाई उनके घर में उपलब्ध घरेलू संसाधनों से किस प्रकार से करा सकती हैं इसके लिए माताओं को प्रशिक्षित किया गया। इस कार्यक्रम के माध्यम से माताओं को यह विश्वास दिलाया गया कि वे अपने बच्चों को घर पर ही शाला पूर्व तैयारी कराने में सक्षम है। माताओं को सपोर्ट कार्ड की अहमियत बताया गया एवं उसमे किए जाने वाले उनके हस्ताक्षर के बारे में बताया गया।
एएमसी के सभी सदस्यों की उपस्थिति में इस माह का एजेंडा जो कि “अच्छी आदतें” हैं उस पर ध्यान केन्द्रित कराकर जून में नए सत्र की शुरुआत से पूर्व बच्चों के भीतर अच्छी आदतों का विकास माताएं कर सके इस बाबत बैठक में महत्वपूर्ण सुझाव माताओं को दिया गया।

संकुल समन्वयक ने किया निरीक्षण
इस पूरे कार्यक्रम के दौरान संकुल प्राचार्य आशीष कुमार भट्टाचार्य के मार्गदर्शन में प्रत्येक स्कूल में जाकर विश्रामपुर संकुल समन्वयक गौरी शंकर पांडे ने निरीक्षण किया एवं इस कार्यक्रम की महत्ता एवं उद्देश्य के बारे में बताया।
स्मार्ट माता का चयन
इस मेले में उपस्थित माताओं के बीच से प्राथमिक शाला कन्या शिवनंदन पुर से स्मार्ट माता के रूप में नमिता देवी एवं कंचन गुप्ता, प्राथमिक शाला बालक शिवनंदनपुर से पूनम देवी एवं बिंदु गिरी, प्राथमिक शाला चोपड़ा विश्रामपुर से रीमा पासवान, प्राथमिक शाला स्टेशनपारा कुंजनगर से अनिता चौहान को चुना गया। स्मार्ट माताओं को एसएमसी सदस्यों की उपस्थिति में क्राउन एवं सैशलगाकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के पश्चात सभी माताओं एवं बच्चों को भोजन कराया गया।
इस दौरान प्रशिक्षक के रूप में नमिता निगम, मनीषा लकड़ा, रंजना गुप्ता,सुषमा दत्ता,कमला मिंज, वंदना श्रीवास्तव, तृप्ति तिवारी, संगीता गुप्ता एवं सहयोग के लिए वंदना तिवारी, यासमीन, प्रभा एक्का, आशा तिवारी, रीता ठाकुर एवं अन्य शिक्षक शिक्षिकाएं उपस्थित रहे।











