
नवा रायपुर में छत्तीसगढ़ का पहला अंतरिक्ष केंद्र शुरू, CM विष्णुदेव साय ने किया शुभारंभ
छत्तीसगढ़ में सुशासन की दिशा में बड़ी पहल करते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने नवा रायपुर में ‘प्रोजेक्ट अंतरिक्ष संगवारी’ के तहत प्रदेश के पहले अंतरिक्ष केंद्र का शुभारंभ किया। यह केंद्र युवाओं को स्पेस साइंस और टेक्नोलॉजी में नए अवसर देगा।
नवा रायपुर।छत्तीसगढ़ सुशासन के मार्ग पर निरंतर आगे बढ़ते हुए अब स्पेस साइंस और टेक्नोलॉजी के क्षेत्र में भी नई पहचान बनाने की दिशा में कदम बढ़ा रहा है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आज नवा रायपुर में ‘प्रोजेक्ट अंतरिक्ष संगवारी’ के अंतर्गत प्रदेश के पहले अंतरिक्ष केंद्र का शुभारंभ किया।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इस अवसर पर कहा कि छत्तीसगढ़ सुशासन के माध्यम से लगातार प्रगति की नई ऊँचाइयों को छू रहा है। अंतरिक्ष केंद्र की स्थापना से राज्य के युवाओं को स्पेस साइंस, सैटेलाइट टेक्नोलॉजी, रिसर्च और इनोवेशन के क्षेत्र में आगे बढ़ने के नए अवसर प्राप्त होंगे।
उन्होंने कहा कि यह केंद्र न केवल विद्यार्थियों और शोधकर्ताओं के लिए उपयोगी होगा, बल्कि छत्तीसगढ़ को नवाचार और अनुसंधान का सशक्त केंद्र बनाने में भी अहम भूमिका निभाएगा। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि यह पहल आने वाले समय में राज्य को स्पेस टेक्नोलॉजी के क्षेत्र में अग्रणी राज्यों की श्रेणी में खड़ा करेगी।
‘प्रोजेक्ट अंतरिक्ष संगवारी’ के माध्यम से युवाओं में वैज्ञानिक सोच विकसित करने, आधुनिक तकनीकों से जोड़ने और भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप कौशल विकास पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
राज्य सरकार की इस पहल को शिक्षा, विज्ञान और तकनीकी क्षेत्र में छत्तीसगढ़ के लिए मील का पत्थर माना जा रहा है।











