
बांग्लादेश में हिंदुओं पर हमले और बंगाल में प्रदर्शन पर कार्रवाई को लेकर INDI गठबंधन पर बरसे सुधांशु त्रिवेदी
भाजपा सांसद डॉ. सुधांशु त्रिवेदी ने बांग्लादेश में अल्पसंख्यक हिंदुओं पर हो रहे हमलों और पश्चिम बंगाल में शांतिपूर्ण प्रदर्शन पर पुलिस कार्रवाई को लेकर INDI गठबंधन और ममता सरकार पर तीखा हमला बोला।
नई दिल्ली।भारतीय जनता पार्टी के राज्यसभा सांसद और वरिष्ठ नेता डॉ. सुधांशु त्रिवेदी ने बांग्लादेश में अल्पसंख्यक समुदाय, विशेषकर हिंदू समाज पर हो रहे निरंतर हमलों को लेकर गहरी चिंता जताई है। उन्होंने कहा कि इन टारगेटेड आक्रमणों से न केवल भारत सरकार बल्कि देश का पूरा हिंदू समाज आहत और आक्रोशित है, जिसके चलते देशभर में शांतिपूर्ण विरोध-प्रदर्शन देखने को मिले हैं।
डॉ. त्रिवेदी ने आरोप लगाया कि INDI गठबंधन ने अब अपने कथित आदर्श ‘सनातन धर्म के उन्मूलन’ को ही स्वीकार कर लिया है। उन्होंने कहा कि गठबंधन शासित राज्यों में असंवेदनशीलता गंभीर रूप लेती जा रही है।
उन्होंने विशेष रूप से पश्चिम बंगाल का जिक्र करते हुए कहा कि वहां हिंदू संगठनों द्वारा किए जा रहे शांतिपूर्ण विरोध-प्रदर्शन पर राज्य सरकार और पुलिस द्वारा बर्बर कार्रवाई की गई, जिसकी भाजपा कड़े शब्दों में निंदा करती है।
डॉ. सुधांशु त्रिवेदी ने आरोप लगाया कि ऐसा प्रतीत होता है मानो जमात-ए-इस्लामी जैसी मानसिकता का साया बांग्लादेश से सीमा पार कर पश्चिम बंगाल सरकार पर पड़ गया हो।












