
सीएम और दो केंद्रीय मंत्री को लेकर उज्जैन उड़ेगा हेलिकॉप्टर | एमपी स्थापना दिवस पर पर्यटन हेलिकॉप्टर सेवा का शुभारंभ | 20 नवंबर से नियमित संचालन
MP Tourism Helicopter Service Launch: मध्यप्रदेश के 70वें स्थापना दिवस पर सीएम मोहन यादव, केंद्रीय मंत्री किंजरापु राममोहन नायडू और अर्जुन राम मेघवाल भोपाल से उज्जैन के लिए उड़ान भरेंगे। पीएम श्री हवाई पर्यटन सेवा का शुभारंभ आज, नियमित संचालन 20 नवंबर से।
सीएम और दो केंद्रीय मंत्री को लेकर उज्जैन उड़ेगा हेलिकॉप्टर: एमपी स्थापना दिवस पर पर्यटन हेलिकॉप्टर सेवा आज से शुरू, 20 नवंबर से होगा नियमित संचालन
भोपाल। मध्यप्रदेश के 70वें स्थापना दिवस के अवसर पर आज से राज्य में पर्यटन को नई ऊंचाई देने वाली हवाई पर्यटन हेलिकॉप्टर सेवा की शुरुआत हो रही है।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, केंद्रीय नागर विमानन मंत्री किंजरापु राममोहन नायडू और केंद्रीय विधि एवं न्याय राज्यमंत्री अर्जुन राम मेघवाल इस सेवा की पहली उड़ान में शामिल होंगे।
हेलिकॉप्टर भोपाल से उज्जैन के लिए उड़ान भरेगा, जबकि नियमित सेवा 20 नवंबर 2025 से प्रारंभ होगी।
भोपाल एयरपोर्ट से दोपहर में यह उड़ान रवाना होगी। इस मौके पर पर्यटन मंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी भी उपस्थित रहेंगे।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के फ्लैग ऑफ के साथ दोनों केंद्रीय मंत्री उज्जैन के लिए प्रस्थान करेंगे।
यह पहल मध्यप्रदेश में पर्यटन को हवाई संपर्क से जोड़ने की दिशा में पहला कदम मानी जा रही है।
पर्यटन मंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी ने बताया कि यह परियोजना लोक-निजी भागीदारी (PPP) मॉडल पर आधारित है।
राज्य के धार्मिक, प्राकृतिक और वन्यजीव पर्यटन स्थलों को हवाई मार्ग से जोड़ने के उद्देश्य से “पीएम श्री हवाई पर्यटन हेलिकॉप्टर सेवा” प्रारंभ की जा रही है।
इससे प्रदेश के एडवेंचर, हेरिटेज और स्पिरिचुअल टूरिज्म को नया आयाम मिलेगा और पर्यटकों के लिए यात्रा अनुभव और भी समृद्ध व आकर्षक बनेगा।
अपर मुख्य सचिव शिवशेखर शुक्ला ने बताया कि मध्यप्रदेश देश का पहला राज्य है जिसने इंट्रा-स्टेट एयर कनेक्टिविटी की शुरुआत की है।
इससे प्रमुख धार्मिक, वन्यजीव और प्राकृतिक पर्यटन स्थलों के बीच यात्रा अधिक सुविधाजनक और सुरक्षित बनेगी।
उन्होंने कहा कि यह कदम राज्य के पर्यटन क्षेत्र को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने में सहायक होगा।
नई सेवा का संचालन सप्ताह में पांच दिन किया जाएगा।
सेवा संचालन के लिए—
-
सेक्टर-1: मेसर्स ट्रांस भारत एविएशन
-
सेक्टर-2 और सेक्टर-3: मेसर्स जेट सर्व एविएशन प्राइवेट लिमिटेड
के साथ तीन वर्ष की अवधि के लिए अनुबंध किया गया है।
प्रारंभिक चरण में प्रत्येक सेक्टर में निजी ऑपरेटर कम से कम छह यात्री सीटों वाले हेलिकॉप्टर संचालित करेंगे।












